बेगूसराय: खोदावंदपुर में दिनदहाड़े दो महिलाओं से सोने के आभूषण की छिनतई, विरोध में मां-बेटी ई-रिक्शा से गिरीं

खोदावंदपुर थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े छिनतई की दो वारदातों ने लोगों को दहला दिया. बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा से घर लौट रही महिलाओं के गले से सोने के आभूषण छीन लिए. एक घटना में मां-बेटी घायल भी हुईं.

बेगूसराय: खोदावंदपुर थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े हुई छिनतई की दो अलग-अलग घटनाओं से इलाके में दहशत फैल गई . बेगूसराय-रोसड़ा मुख्य पथ (एसएच-55) पर बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा से घर लौट रही दो महिलाओं को निशाना बनाते हुए उनके गले से सोने के आभूषण झपट लिए और फरार हो गए . पहली घटना में छीना-झपटी के दौरान ई-रिक्शा से गिरने से मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि दूसरी वारदात सागी चौक के समीप हुई . सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी .

चकती झपटने के दौरान ई-रिक्शा से गिरीं मां-बेटी

पहली घटना बरियारपुर पश्चिमी गांव के समीप एसएच-55 पर हुई . जानकारी के अनुसार, बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के वार्ड-4 निवासी कारी महतो की पत्नी रंजू देवी अपनी पुत्री काजल कुमारी के साथ रोसड़ा के एक निजी क्लीनिक से इलाज कराकर ई-रिक्शा से घर लौट रही थीं . इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश ई-रिक्शा के पास पहुंचे और रंजू देवी के गले से सोने की चकती झपट ली . अचानक हुई छीना-झपटी से संतुलन बिगड़ने पर रंजू देवी और उनकी पुत्री चलती ई-रिक्शा से सड़क पर गिर गईं . हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं . स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें रोसड़ा के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है .

सागी चौक पर महिला से सोने का ढोलना छीना

पहली घटना के कुछ ही देर बाद बदमाशों ने दूसरी वारदात सागी चौक के समीप अंजाम दी . छौड़ाही थाना क्षेत्र के पतला गांव के वार्ड-13 निवासी बसंती कुमारी, जो संतोष साह की पुत्री हैं, रोसड़ा से दवा खरीदकर ई-रिक्शा से अपने घर लौट रही थीं . इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार दो युवकों ने उनके गले से सोने का ढोलना झपट लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए .

पुलिस ने शुरू की जांच, खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज

दोहरी छिनतई की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक महानंद चौधरी, थानाध्यक्ष चंदन कुमार, एसआई अख्तर हुसैन और पीटीसी भैरव प्रताप पुलिस बल के साथ दोनों घटनास्थलों पर पहुंचे . अधिकारियों ने पीड़ितों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है .

थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि दोनों घटनाओं की गंभीरता से जांच की जा रही है . सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उनकी जल्द गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है . लगातार हुई इन दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क पर पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है .

इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Rajesh kumar

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >