Begusarai News : सिमरिया गंगा घाट से जल लेकर बाबा हरिगिरिधाम, गढ़पुरा जा रहे शिवभक्तों की सेवा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी की गई. कृषि बाजार समिति के समीप छतौना निवासी भक्त विपिन मिश्रा और उनकी कमेटी की ओर से कांवरियों के लिए नि:शुल्क सेवा शिविर लगाया गया. शिवभक्तों को शर्बत, पानी समेत अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई. सावन माह में बड़ी संख्या में कांवरिये सिमरिया और मटिहानी गंगा घाट से जल लेकर बाबा हरिगिरिधाम के लिए रवाना हो रहे हैं.
कई वर्षों से सावन में सेवा शिविर का हो रहा आयोजन
बेगूसराय कृषि बाजार समिति स्थित एसएच-55 के गेट के समीप विपिन मिश्रा कमेटी की ओर से कई वर्षों से सेवा शिविर लगाया जा रहा है. कमेटी द्वारा सावन माह के प्रत्येक रविवार और सोमवार को कांवरियों के लिए जल, फल, ग्लूकोज, जूस और अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की जाती है. विपिन मिश्रा ने बताया कि वह कई वर्षों से सावन माह के दौरान बोलबम कांवरियों की सेवा करते आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा का यह कार्य आगे भी जारी रहेगा.
Also Read : नवादा के इंटर विद्यालय आंती में साइबर सुरक्षा और बाल सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम
सेवा कार्य में दर्जनों लोग रहे जुटे
सेवा शिविर को सफल बनाने में ओम कुमार, विकास कुमार, दीपक सिंह, रूपेश कुमार, धीरज सिंह, सत्येंद्र कुमार सिंह, अभय कुमार, डॉ. शंकर शर्मा, सरवन सिंह, शिवनाथ सिंह और गौतम कुमार समेत दर्जनों लोग सक्रिय रूप से जुटे रहे.
वीरपुर के शिवालयों में श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
वीरपुर प्रतिनिधि के अनुसार, सावन की तीसरी सोमवारी पर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. बरैपुरा बसहा स्थान, मुजफरा महादेव मठ, सर्वेश्वरनाथ महादेव मंदिर, डीहपर समेत अन्य शिवालयों में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की. मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा और पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव तथा बोलबम के जयघोष से गूंजता रहा.
कांवरियों के लिए चाय, पानी और फल की निशुल्क व्यवस्था
रविवार की संध्या से ही हरिगिरिधाम, गढ़पुरा जाने वाले कांवरियों का क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया. मैदा बभनगामा से सिकरहुला तक करीब एक दर्जन स्थानों पर स्थानीय लोगों ने कांवरियों के लिए चाय, पानी, फल, दवा और रोशनी की नि:शुल्क व्यवस्था की. प्रशासन की ओर से भी श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर अस्थायी शौचालय की व्यवस्था कराई गई.
सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी हुआ आयोजन
वीरपुर पेट्रोल पंप के समीप पैक्स अध्यक्ष संतोष कुमार के नेतृत्व में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में स्थानीय लोगों और कांवरियों ने हिस्सा लिया. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीडीओ पंकज कुमार शक्तिधर, सीओ भाई वीरेंद्र, थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार और एसआई ऋषिकेश भारद्वाज समेत पुलिस प्रशासन की टीम रातभर गश्त करती रही.
Also Read : नवादा के संत दशरथ नगर में बाबा दशरथ मांझी की 19वीं पुण्यतिथि मनाई गई
