झमटिया गंगा धाम में 23 अगस्त को होगा सावन महोत्सव, भक्ति संगीत और झांकी बनेगी आकर्षण

Begusarai News : बेगूसराय के झमटिया गंगा धाम में सावन महोत्सव की भव्य तैयारी पूरी हो चुकी है. कल सांस्कृतिक संध्या और भक्ति गीतों का होगा आयोजन, जानें पूरी जानकारी.

Begusarai News : बछवाड़ा (बेगूसराय). सावन की अंतिम सोमवारी की पूर्व संध्या पर बछवाड़ा स्थित प्रसिद्ध झमटिया गंगा धाम में भव्य सांस्कृतिक संध्या सह सावन महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. पत्रकार संघ बछवाड़ा के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम 23 अगस्त, रविवार को शाम से गंगा तट परिसर में शुरू होगा. धार्मिक आस्था और कला-संस्कृति के इस अनूठे संगम में मिथिलांचल और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं कांवरियों के पहुंचने की संभावना है. आयोजन समिति ने कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली हैं.

कलकत्ता की झांकी टीम भगवान शिव-पार्वती की प्रस्तुति देगी

आयोजन मंडल के सदस्य प्रभाकर कुमार राय ने बताया कि सावन महोत्सव का मुख्य आकर्षण पश्चिम बंगाल के कलकत्ता से आने वाली प्रसिद्ध झांकी टीम होगी. टीम भगवान शिव और माता पार्वती से जुड़े प्रसंगों पर मनमोहक और अलौकिक प्रस्तुतियां मंच पर पेश करेगी. इसके साथ ही भक्ति संगीत और लोकगीतों की महफिल सजाने के लिए बिहार के प्रसिद्ध कलाकारों को भी आमंत्रित किया गया है.

Also Read : औरंगाबाद में आठ सूत्री मांगों को लेकर 24 अगस्त को पटना कूच करेंगे राशन डीलर, गर्दनीबाग में देंगे धरना

जुली झा समेत कई कलाकार बांधेंगे समां

कार्यक्रम में दरभंगा की गायिका जुली झा अपनी सुरीली आवाज और पारंपरिक मैथिली गीतों के साथ शिव भजनों की प्रस्तुति देंगी. वहीं, भागलपुर के गायक सुनील मिश्रा और अभिज्ञान गर्ग भक्तिमय भजनों एवं लोक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे. कलाकारों की प्रस्तुतियों से सावन महोत्सव में भक्तिमय माहौल बनने की उम्मीद है.

गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान करेंगे उद्घाटन

प्रभाकर कुमार राय ने बताया कि सावन महोत्सव का विधिवत उद्घाटन बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान करेंगे. कार्यक्रम में सामाजिक, राजनीतिक और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य अतिथि भी शामिल होंगे. इनमें इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष डॉ. ए. राय, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संजय कुमार, चिकित्सक डॉ. धीरज शांडिल्य, भाजपा के जिला अध्यक्ष राजीव वर्मा और लोक जनशक्ति पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रेम कुमार समेत जिले एवं प्रखंड स्तर के कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं.

Also Read : झोपड़ी में पढ़ाई कर औरंगाबाद के सोनू ने हासिल की रेलवे में नौकरी, बने असिस्टेंट लोको पायलट

अंतिम सोमवारी पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

पत्रकार संघ बछवाड़ा के सदस्यों ने बताया कि सावन की अंतिम सोमवारी पर झमटिया घाट में गंगा जल भरने के लिए बड़ी संख्या में कांवरिये और श्रद्धालु पहुंचते हैं. ऐसे पावन अवसर पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के मनोरंजन के साथ उनके भक्तिभाव को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से कई वर्षों से सावन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है.

सुरक्षा और बैठने की व्यवस्था पूरी

आयोजन समिति की ओर से कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और दर्शकों के बैठने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. पत्रकार संघ बछवाड़ा के सदस्यों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से भक्तिमय और सांस्कृतिक संध्या में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है.

Also Read : औरंगाबाद में आठ सूत्री मांगों को लेकर 24 अगस्त को पटना कूच करेंगे राशन डीलर, गर्दनीबाग में देंगे धरना


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By डबलू कुमार

डबलू कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अकबरनगर (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >