Begusarai News : बेगूसराय के साहेबपुरकमाल पश्चिम कॉपरेटिव भवन परिसर में रविवार को जनता दल (यूनाइटेड) की पंचायत अध्यक्ष एवं प्रखंड कमेटी सदस्यों की बैठक सह कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में जदयू जिलाध्यक्ष नंदलाल राय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष नवल कुमार महतो ने की, जबकि संचालन प्रो. रमण कुमार ने किया.
'न्याय के साथ विकास' को बताया बिहार की प्रगति का आधार
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जदयू जिलाध्यक्ष नंदलाल राय ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार की बागडोर संभालने के बाद समाज सुधार के साथ 'न्याय के साथ विकास' को अपनी सरकार का मुख्य आधार बनाया. उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के बिना विकास का कोई वास्तविक अर्थ नहीं रह जाता. उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति सामाजिक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बन सकती है, जिसे नीतीश कुमार ने अपने कार्यों से साबित किया है.
सरकार की उपलब्धियों का किया उल्लेख
जदयू नेता मो. नजम इकबाल ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले दो दशकों में बिहार के शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आधारभूत संरचना और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन हुए हैं. उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए गए हैं.
जीविका योजना और स्वास्थ्य क्षेत्र की पहल की सराहना
जदयू के वरिष्ठ नेता ब्रज किशोर चौधरी ने कहा कि 'जीविका से समृद्धि' का संकल्प आज ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति दे रहा है. मुख्यमंत्री की दूरदर्शी पहल से लाखों महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं. बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि युवाओं का उत्साह और जनता का समर्थन इस बात का संकेत है कि निशांत कुमार एक सशक्त नेतृत्व के रूप में उभर रहे हैं.
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का लिया गया निर्णय
बैठक में निशांत कुमार के नेतृत्व में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया. इस अवसर पर उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया.
कई नेताओं ने रखे अपने विचार
कार्यक्रम को ब्रज किशोर मेहता, मो. नजम इकबाल, नियाज कैसर चांद, मो. सईद, मनीष राय, रामप्रवेश सिंह, उमाकांत यादव, मो. इब्राहिम सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संबोधित किया.
Also Read : नवादा में देवधा कॉलेज मोड़ पर अनियंत्रित बाइक ने छात्रा को मारी टक्कर, दोनों गंभीर रूप से घायल
