Begusarai News: बिहार सरकार के निर्देशानुसार संचालित सहयोग शिविर के तहत मंगलवार को बेगूसराय जिले के 6 प्रखंडों की 11 ग्राम पंचायतों और नगर क्षेत्रों में जनसमस्याओं के समाधान हेतु शिविरों का आयोजन किया गया. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के नागरिकों की समस्याओं का अधिकतम 10 दिनों के भीतर त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करना है.
11 पंचायतों में 854 आवेदन, 669 का हुआ निष्पादन
जिले की 11 ग्राम पंचायतों में वरीय अधिकारियों की अध्यक्षता में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया गया.
- जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने मटिहानी प्रखंड की बलहपुर-1 पंचायत में खुद उपस्थित होकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं.
- उप विकास आयुक्त ने बलिया के पहारपुर, अपर समाहर्ता ने सदर प्रखंड के बहदरपुर, नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर ने शाहपुर और एसडीओ अश्विनी कुमार ने धबौली पंचायत में शिविर की कमान संभाली.
अब तक इन 11 पंचायतों से ऑनलाइन माध्यम से 854 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 669 का निष्पादन किया जा चुका है और 185 पर कार्रवाई जारी है. वहीं, नगर निगम एवं नगर परिषद क्षेत्रों में प्राप्त 2,337 आवेदनों में से 2,008 का निष्पादन किया जा चुका है.
राशन कार्ड, दाखिल-खारिज व योजनाओं से जुड़े मामले प्रमुख
शिविरों में मुख्य रूप से राशन कार्ड, जॉब कार्ड, जाति, आय व आवासीय प्रमाण-पत्र, दाखिल-खारिज और लगान रसीद से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही निष्पादन किया गया. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिला स्तर की कार्रवाई से असंतुष्ट आवेदकों के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार को राज्य स्तरीय सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा.
मटिहानी: प्रचार-प्रसार की कमी पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
मटिहानी की बलहपुर-1 पंचायत में पहुंचे जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक आवेदन देकर समस्याओं के समाधान की अपील की. हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों (जैसे राम सेवक सिंह उर्फ अनमोल सिंह) ने शिविर के प्रचार-प्रसार में कमी का आरोप लगाया. ग्रामीणों का कहना था कि यदि माइकिंग के जरिए पूर्व सूचना दी जाती, तो और अधिक लोग अपनी समस्याओं का आवेदन जमा कर पाते. शिविर में गुप्ता-लख्मीनियां बांध पर बसे लोगों की समस्याओं और सड़क व राशन कार्ड से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए.
बरौनी: नगर सहयोग शिविर में आए 75 आवेदन
बरौनी नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 25 एवं 26 के लिए बारो उत्तरी पंचायत भवन में नगर सहयोग शिविर आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता कार्यपालक पदाधिकारी रणवीर कुमार ने की. शिविर में विभिन्न योजनाओं और नागरिक सुविधाओं से जुड़े 75 आवेदन प्राप्त हुए. कार्यपालक पदाधिकारी ने सभी आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया. इस अवसर पर वार्ड 26 की पार्षद रंजना देवी, नगर प्रबंधक रोहित सिंह, जदयू नगर अध्यक्ष पंकज राय सहित कई अधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे.
