बेगूसराय से विकाश मिश्रा की रिपोर्ट
Giriraj Singh Meet CM Samrat Choudhary : केंद्रीय कपड़ा मंत्री एवं बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात कर जिले के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की. इस दौरान उन्होंने बेगूसराय में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर शीघ्र विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग उठाई.
दिनकर विश्वविद्यालय खोलने पर जोर
मुलाकात के दौरान सांसद ने कहा कि बेगूसराय में दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना होने से जिले के छात्रों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे. उन्होंने मुख्यमंत्री से इस दिशा में शीघ्र पहल करने का आग्रह किया.
सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की मांग
गिरिराज सिंह ने जिले के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज स्थापित करने तथा जिन महाविद्यालयों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उनमें जल्द शैक्षणिक गतिविधियां शुरू कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा.
सिमरिया और अन्य विकास योजनाओं पर चर्चा
बैठक में सिमरिया क्षेत्र के विकास, नई परियोजनाओं की संभावनाओं, शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थाओं के नवीनीकरण, नई योजनाओं के क्रियान्वयन तथा प्रशासनिक कार्यशैली से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई.
विकास को मिलेगी नई गति
भेंटवार्ता के बाद केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इन सकारात्मक पहलों से बेगूसराय के विकास को नई गति मिलेगी. उन्होंने कहा कि शिक्षा, आधारभूत संरचना और सामाजिक विकास के क्षेत्र में जिले में आने वाले समय में उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिलेगी.
इसे भी पढ़ें : 70वीं BPSC में सूरज कुमार की उपलब्धि से गौरवान्वित हुआ बिक्रम, वार्ड पार्षद ने किया सम्मानित
इसे भी पढ़ें : स्टेशनरी दुकानदार के बेटे-बेटी ने बढ़ाया पटना का मान, 70वीं BPSC में लहराया सफलता का परचम
