Begusarai News : गढ़पुरा प्रखंड के सोनमा स्थित मां चंद्रिका मंदिर परिसर में रविवार देर शाम युवा श्री गणेश चतुर्थी पूजा सह मेला समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में सर्वसम्मति से श्री गणेश चतुर्थी पूजा एवं भव्य मेला 2026 के आयोजन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.
15 सितंबर को होगी कलश स्थापना, पांच दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ
समिति ने निर्णय लिया कि 15 सितंबर 2026 को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ कलश स्थापना और भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की जाएगी. इसी के साथ पांच दिवसीय श्री गणेश पूजा महोत्सव का शुभारंभ होगा. महोत्सव के दौरान प्रतिदिन पूजा-अर्चना, आरती और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ आयोजित किए जाएंगे. 19 सितंबर को भव्य शोभायात्रा के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया जाएगा.
बिदेसिया नाच और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण का केंद्र
बैठक में इस वर्ष मेले को पहले से अधिक भव्य और आकर्षक बनाने का निर्णय लिया गया. श्रद्धालुओं और आम लोगों के मनोरंजन के लिए लगातार दो रात प्रसिद्ध बिदेसिया नाच तथा दो रात भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
मेले में झूले, मीना बाजार और खान-पान की रहेगी विशेष व्यवस्था
समिति ने बताया कि मेले में टावर झूला, ब्रेक डांस झूला, ड्रैगन झूला, नाव झूला सहित बच्चों के लिए कई आकर्षक झूले लगाए जाएंगे. खरीदारी के लिए भव्य मीना बाजार भी सजाया जाएगा, जहां घरेलू उपयोग की वस्तुएं, श्रृंगार सामग्री, खिलौने और अन्य सामान उपलब्ध रहेंगे. इसके अलावा मिठाइयों की दुकानें, फास्ट फूड, स्वादिष्ट व्यंजन और अन्य खान-पान के स्टॉल भी लगाए जाएंगे.
आयोजन को सफल बनाने की अपील
समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं, युवाओं, महिलाओं और गणमान्य नागरिकों से परिवार सहित आयोजन में भाग लेने तथा इसे सफल बनाने में सहयोग की अपील की.
बैठक में शिक्षक जगदीश महतो, राजकुमार चौरसिया, पूर्व मुखिया राम सेवक पाल, पूर्व सरपंच निरंजन कुमार पासवान, जगदीप महतो, प्रो. बैजनाथ प्रसाद चौरसिया, अवधेश राय, सुखदेव महतो, पूर्व प्रमुख दिलीप पासवान, डॉ. कैलाश महतो, रामध्यान शर्मा, मोहम्मद रुस्तम, अजीत कुमार, विकास चौधरी, सूरज कुमार सहित कई लोग उपस्थित रहे.
Also Read : बेगूसराय में गंगा स्नान के लिए जा रहे मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत, सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम
