फसल बीमा भुगतान को लेकर किसान विकास संघर्ष समिति ने की बैठक, आंदोलन की चेतावनी

Begusarai News : शाम्हो अकहा कुरहा प्रखंड में किसानों के लंबित फसल बीमा भुगतान को लेकर किसान विकास संघर्ष समिति की बैठक हुई. मक्का की जगह धान दर्ज होने से भुगतान अटकने के आरोप पर किसानों ने जल्द कार्रवाई की मांग की है. भुगतान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है.

Begusarai News : शाम्हो अकहा कुरहा प्रखंड में किसानों के लंबित फसल बीमा भुगतान के मुद्दे को लेकर किसान विकास संघर्ष समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष राजेश्वर प्रसाद सिंह ने की. बैठक में वर्ष 2016 एवं 2017 खरीफ मौसम की फसल बीमा राशि, किसानों के लंबित भुगतान और प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई.

मक्का की जगह धान दर्ज करने से भुगतान अटकने का आरोप

बैठक में समिति के सदस्यों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2016 एवं 2017 खरीफ सीजन में पंजाब नेशनल बैंक, सैदपुर सलाह की ओर से फसल बीमा पोर्टल पर किसानों की वास्तविक फसल मक्का के स्थान पर धान दर्ज कर दिया गया था. किसानों का कहना है कि शाम्हो अकहा कुरहा प्रखंड क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मक्का की खेती की गई थी, लेकिन पोर्टल पर गलत फसल दर्ज होने के कारण प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत केसीसीधारी किसानों को अब तक बीमा राशि का भुगतान नहीं मिल सका है.

किसानों के पक्ष में आए आदेशों का हवाला

समिति ने बताया कि इस मामले में किसानों के पक्ष में कई सक्षम प्राधिकारों द्वारा निर्णय दिए जा चुके हैं. इनमें शिकायत निवारण प्राधिकरण का आदेश, मुंगेर आयुक्त का निर्णय तथा बिहार सरकार के सहकारिता विभाग के प्रधान सचिव द्वारा शिकायत निवारण अधिनियम के तहत जारी आदेश शामिल हैं. समिति के अनुसार, इन आदेशों में किसानों को 18 प्रतिशत ब्याज सहित बीमा राशि का भुगतान करने का निर्देश दिया गया है.

बीमा कंपनी पर प्रक्रिया लंबित रखने का लगाया आरोप

बैठक में आरोप लगाया गया कि आदेशों के बावजूद बीमा कंपनी विभिन्न प्रकार के आवेदन और कानूनी प्रक्रियाओं का सहारा लेकर मामले में बार-बार स्थगन (स्टे) प्राप्त कर रही है. इसके कारण वर्षों बीतने के बाद भी किसानों को बीमा राशि का लाभ नहीं मिल पाया है. किसानों ने कहा कि लंबित भुगतान के कारण प्रभावित किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं और उन्हें न्याय मिलने में देरी हो रही है.

भुगतान के लिए आंदोलन की रणनीति बनाने का निर्णय

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए संबंधित बैंक और बीमा कंपनी के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जाएगा. समिति ने कहा कि लंबित बीमा राशि के शीघ्र भुगतान और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर विधिसम्मत एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा.

बैठक में कई किसान एवं समिति सदस्य रहे मौजूद

बैठक में अवधेश शर्मा, रामानंद सिंह, जयशंकर प्रसाद सिंह, रवि भारद्वाज, सारंगधर सिंह, उमाकांत सिंह, अरुण कुमार सिंह, सुशील कुमार सिंह, ललन सिंह, बीजू शर्मा, शंकर कुमार शर्मा, बालेश्वर प्रसाद सहित किसान विकास संघर्ष समिति के कई सदस्य एवं किसान मौजूद रहे.

Also Read : आधे घंटे की बारिश में डूबे दाउदनगर के दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Bipin Kumar Mishra

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >