जिले के किसी भी फीडर में खराबी आने पर अधिकतम चार घंटे के अंदर करें ठीक : ऊर्जा सचिव
Copied link
जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कारगिल विजय सभा भवन में एक उच्चस्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई.
बेगूसराय. जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कारगिल विजय सभा भवन में एक उच्चस्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में बिहार के ऊर्जा सचिव, जिलाधिकारी बेगूसराय सहित विभाग के कई वरीय अधिकारी जीएम रेवेन्यू, सी.ई. कमर्शियल, सी.ई. ओ एंड एम (ट्रांसमिशन), ईएसई सह ओएसडी, परियोजना एवं अन्य अभियंता उपस्थित रहे. बैठक के दौरान बिजली आपूर्ति, कनेक्शन प्रक्रिया, राजस्व वसूली और योजनाओं के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की गई. अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी फीडर में खराबी आने पर उसे अधिकतम 4 घंटे के भीतर ठीक किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को लंबी कटौती का सामना न करना पड़े. औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए यह निर्देश दिया गया कि औद्योगिक उपभोक्ताओं को तत्काल बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जाये. 150 केवीए तक के कनेक्शन की राशि बिजली बिल के माध्यम से वसूली जाएगी, जबकि 150 केवीए से अधिक लोड वाले आवेदनों का आकलन एक सप्ताह के भीतर तैयार कर प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा.
15 दिनों के भीतर कनेक्शन देने का निर्देश
इसके अलावा, घरेलू एवं व्यावसायिक उपभोक्ताओं को शहरी क्षेत्रों में एक सप्ताह तथा ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतम 15 कार्य दिवस के भीतर कनेक्शन देने का आदेश दिया गया. बैठक में चयनित पंचायतों के कुटीर ज्योति श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया तेज करने पर बल दिया गया. संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आवेदन प्राप्त कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करें. वहीं, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत बैंकों द्वारा ऋण देने में हो रही देरी और आवेदनों के निरस्त होने पर नाराजगी जताई गई. कार्यपालक अभियंताओं को निर्देशित किया गया कि वे बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का त्वरित समाधान करें. बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि उपभोक्ताओं के लंबित बिजली बिलों की शत-प्रतिशत वसूली जून माह तक हर हाल में सुनिश्चित की जाए. इसके लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया.
सीएमडी के निरीक्षण के दौरान मिला निर्देश
बेगूसराय में सीएमडी के निरीक्षण के दौरान भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जो जिले की बिजली व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में अहम माने जा रहे हैं. निरीक्षण के दौरान एक अतिरिक्त 100 एमवीए ट्रांसफार्मर के संवर्धन एवं स्थापना का निर्देश दिया गया, जिससे बिजली आपूर्ति क्षमता में वृद्धि होगी. साथ ही, आउटडोर उपकरणों के सुरक्षित भंडारण के लिए प्लेटफॉर्म पर शेड निर्माण तथा सामग्रियों की व्यवस्थित स्टैकिंग सुनिश्चित करने को कहा गया. वहीं भवन में रखी सामग्रियों की सफाई एवं स्थानांतरण के निर्देश दिए गए, ताकि कार्यस्थल सुव्यवस्थित रह सके. स्पेयर उपकरणों के सुरक्षित भंडारण के लिए शेडयुक्त बंद स्टोर हाउस के निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ करने को कहा गया. तकनीकी विभाग के तहत पुराने 33 केवी जीरो माइल सीआर पैनल को बदलकर उसे आधुनिक एसएएस प्रणाली से जोड़ने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा, 100 एमवीए ट्रांसफार्मर में डब्ल्यूटीआई तापमान संकेत की त्रुटियों को शीघ्र ठीक करने और परिसर में पड़े कबाड़ के जल्द निपटान का आदेश भी दिया गया.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.