Begusarai News : सूखे नशे के खिलाफ शनिवार को मध्य विद्यालय, चेरियाबरियारपुर के प्रांगण से भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम के तहत जागरूकता रैली निकाली गई, जिसका नेतृत्व जन सुराज के नेता एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मृत्युंजय कुमार ने किया. रैली मध्य विद्यालय, चेरियाबरियारपुर से शुरू होकर विश्वकर्मा चौक, काली स्थान और बीच गांव होते हुए पंचमुखी चौक पहुंची. इसके बाद रैली पुनः विद्यालय परिसर में आकर समाप्त हुई.
सैकड़ों स्कूली बच्चे, शिक्षक और आम नागरिक हुए शामिल
जागरूकता रैली में चेरियाबरियारपुर सीएचसी प्रभारी डॉ. अजीत कुमार, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, सैकड़ों स्कूली बच्चे, शिक्षक एवं आम नागरिक शामिल हुए. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में तेजी से फैल रहे सूखे नशे के विरुद्ध लोगों को जागरूक करना और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था.
स्मैक, गांजा और नशीली दवाओं के बढ़ते प्रचलन पर चिंता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य संयोजक डॉ. मृत्युंजय कुमार ने कहा कि स्मैक, गांजा, अफीम और नशीली गोलियों जैसे सूखे नशे का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है. युवा वर्ग अनजाने में इसकी दलदल में फंसकर अपना भविष्य बर्बाद कर रहा है. उन्होंने कहा कि एक चिकित्सक के रूप में वे प्रतिदिन ऐसे मामले देखते हैं, जहां नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करती है और उसकी सोचने-समझने की क्षमता पर भी असर डालती है.
Also Read : औरंगाबाद: रेपुरा में दो घरों को चोरों ने बनाया निशाना, बक्सा तोड़कर जेवरात व नकदी ले उड़े
सामूहिक प्रयास से नशे के खिलाफ लड़ाई जरूरी
डॉ. मृत्युंजय कुमार ने कहा कि सूखे नशे की लत धीरे-धीरे युवाओं को अपराध की ओर भी धकेल सकती है. इसे रोकने के लिए सामूहिक सामाजिक प्रयास की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि जन सुराज अभियान समाज को इस सामाजिक बुराई से मुक्त कराने के लिए लोगों को जागरूक करने का प्रयास कर रहा है.
सीएचसी प्रभारी ने बताए नशे के शारीरिक और मानसिक दुष्प्रभाव
विशेष रूप से उपस्थित चेरियाबरियारपुर सीएचसी प्रभारी डॉ. अजीत कुमार ने नशे के गंभीर शारीरिक और मानसिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी. वहीं जन सुराज के युवा उपाध्यक्ष मृणाल कुमार उर्फ भोला सिंह ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि नशा हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर देता है, इसलिए समाज के सभी लोगों को मिलकर इसके खिलाफ आगे आना होगा.
Also Read : महाबली सिंह ने जदयू कार्यकर्ताओं से की मुलाकात, संगठन और एनडीए की मजबूती पर हुई चर्चा
जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने भी रखे विचार
कार्यक्रम में विक्रमपुर पंचायत के मुखिया सह मुखिया संघ के प्रदेश महासचिव रमेश सिंह, आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह, विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय सिंह, पूर्व प्रमुख घनश्याम सिंह, सत्यम कुमार और शंभू सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने अपने विचार रखे. वक्ताओं ने समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया.
नारों से गूंजा क्षेत्र, लोगों ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प
अभियान के दौरान 'नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें', 'नशे से दूरी, खुशहाली जरूरी' और 'स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन' जैसे नारों के माध्यम से पूरे क्षेत्र में जागरूकता का संदेश दिया गया. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने समाज को नशा मुक्त बनाने और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक रूप से काम करने का संकल्प लिया.
Also Read : औरंगाबाद: रेपुरा में दो घरों को चोरों ने बनाया निशाना, बक्सा तोड़कर जेवरात व नकदी ले उड़े
