बेगूसराय से विकाश मिश्रा की रिपोर्ट
Bpsc Success Story : बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में बेगूसराय जिले के बखरी अनुमंडल क्षेत्र में कार्यरत तीन अधिकारियों ने शानदार सफलता हासिल कर बिहार प्रशासनिक सेवा में अपनी जगह बनाई है. इस उपलब्धि पर बखरी एसडीएम सन्नी कुमार सौरव और डीसीएलआर ललित कुमार सिंह ने तीनों अधिकारियों को सम्मानित कर उनकी हौसला अफजाई की.
तीन अधिकारियों ने हासिल की सफलता
सफल अधिकारियों में बखरी के BPRO कुमार सानू, डंडारी के BPRO रोहित विक्रांत तथा बखरी के राजस्व पदाधिकारी (RO) सचिन कुमार शामिल हैं. तीनों अधिकारी वर्तमान में सरकारी सेवा में रहते हुए पुनः बीपीएससी परीक्षा में शामिल हुए और बेहतर रैंक प्राप्त कर बिहार प्रशासनिक सेवा में चयनित हुए.
नौकरी के साथ सफलता हासिल करना बड़ी उपलब्धि
सम्मान समारोह में एसडीएम सन्नी कुमार सौरव ने कहा कि नौकरी के साथ बीपीएससी जैसी कठिन और प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षा की तैयारी कर सफलता प्राप्त करना अपने आप में असाधारण उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों ने साबित कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, कड़ी मेहनत और लगन के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है.
फूल-माला और शॉल देकर किया सम्मानित
अनुमंडल कार्यालय में आयोजित समारोह के दौरान एसडीएम और डीसीएलआर ने तीनों अधिकारियों को फूल-माला, शॉल एवं मिठाई देकर सम्मानित किया. अधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता युवा पीढ़ी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी.
बखरी का बढ़ाया गौरव
डीसीएलआर ललित कुमार सिंह ने कहा कि तीनों अधिकारियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल अनुमंडल बल्कि पूरे बखरी विधानसभा क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है. उनकी यह उपलब्धि आने वाले अभ्यर्थियों को निरंतर प्रयास और मेहनत के लिए प्रेरित करेगी.
कई अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
सम्मान समारोह में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी प्रशांत कुमार, बीडीओ कुमार मुकेश, सीओ राकेश कुमार चौधरी, बीपीआरओ नावकोठी गौरव कुमार, उच्च वर्गीय लिपिक संजीव कुमार, वैद्यनाथ पासवान, नाजीर चंदन कुमार, समरेन्द्र कुमार, आईटी सहायक नवीन कुमार, मंतोष कुमार समेत कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे. सभी ने तीनों सफल अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल प्रशासनिक भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
इसे भी पढ़ें : 70वीं BPSC में सूरज कुमार की उपलब्धि से गौरवान्वित हुआ बिक्रम, वार्ड पार्षद ने किया सम्मानित
इसे भी पढ़ें : स्टेशनरी दुकानदार के बेटे-बेटी ने बढ़ाया पटना का मान, 70वीं BPSC में लहराया सफलता का परचम
