बेगूसराय के मटिहानी से नारायण कुमार की रिपोर्ट
BPSC Success Story: बीपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर समाज कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग में असिस्टेंट डायरेक्टर पद पर नियुक्त हुए सिहमा निवासी आदित्य कुमार के सम्मान में देर शाम विश्ववंद्य बापू नाट्य परिषद की ओर से योगेंद्र स्मारक पुस्तकालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के वरिष्ठ कलाकार सुरेंद्र सिंह मुखर्जी ने की, जबकि सफल संचालन प्रो. अरविंद कुमार ने किया. गरिमामय समारोह में नवनियुक्त अधिकारी आदित्य कुमार के साथ-साथ उनके गौरवान्वित पिता अनिल कुमार अनल एवं माता सुचिता देवी को भी अंगवस्त्र (चादर), फूलमाला और प्रतीक चिन्ह देकर सामूहिक रूप से सम्मानित किया गया.
आर्थिक अभाव के बीच माता-पिता ने पाला सपना
नाट्य परिषद के अध्यक्ष एवं आदित्य के प्रारंभिक शिक्षक अनिल कुमार प्रियदर्शी ने उनके छात्र जीवन को याद करते हुए कहा कि आदित्य शुरू से ही अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित रहे. उन्होंने बाहरी आकर्षणों और सोशल मीडिया से दूर रहकर एक सच्चे तपस्वी की तरह कठिन परिश्रम किया. उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि गंभीर आर्थिक अभाव के बावजूद उनके माता-पिता ने बच्चों की उच्च शिक्षा को जीवन में सर्वोच्च प्राथमिकता दी और जिस सुनहरे सपने को वर्षों पहले देखा था, उसे आज आदित्य ने अपनी अटूट मेहनत से धरातल पर साकार कर दिखाया है.
युवाओं को प्रेरणा देगा आदित्य का कड़ा संघर्ष
समारोह को संबोधित करते हुए पुस्तकालय के मुख्य संरक्षक एवं भाकपा नेता कामरेड अनिल कुमार अंजान ने कहा कि शिक्षा के प्रति वर्तमान व्यवस्था की उदासीनता के बावजूद आदित्य ने अपनी मेधा से सफलता का जो परचम लहराया है, वह पूरे ग्रामीण समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है. उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक सम्मान समारोह से ग्रामीण युवाओं में आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है. इस अवसर पर एसबीआई के सेवानिवृत्त वरिष्ठ पदाधिकारी श्याम किशोर सिंह तथा उनके पुत्र एवं मेघालय सीमेंट लिमिटेड के वाइस प्रेसिडेंट राजेश रंजन ने भी अपने सेवा जीवन के अनुभव साझा करते हुए युवाओं से ईमानदारी, सच्चाई और निरंतर मेहनत के मार्ग पर चलने का आह्वान किया.
आदित्य ने सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुओं को दिया
समारोह में पूर्व मुखिया ललन कुमार सिंह, कांग्रेस के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष रामचंद्र सिंह, जदयू नेता संजय कुमार सिंह, भाजपा नेता बब्लेश कुमार पार्थ सारथी, राघव कुमार, नाट्य परिषद के सचिव अनिरुद्ध सिंह, योगेंद्र पुस्तकालय के अध्यक्ष रामनंदन सिंह, सचिव कृष्णानंद सिंह, पुस्तकाध्यक्ष रामविनोद सिंह, चुन्नू कुमार, कन्हैया कुमार, समाजसेवी सुरेंद्र प्रसाद सिंह, रामदास ठाकुर, रविंद्र कुमार राष्ट्रीय एवं पवन शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोगों ने आदित्य को बधाई दी. वहीं अपने संबोधन में असिस्टेंट डायरेक्टर आदित्य कुमार ने अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपने माता-पिता के त्याग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और कठिन परिश्रम को दिया तथा युवाओं से जीवन में एक बड़ा लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर कर्म करने का संदेश दिया.
Also Read: बेगूसराय: हल्की बारिश में ही डूब गईं हसनपुर बागर की सड़कें, घुटनों तक पानी से ग्रामीणों का आवागमन ठप
