Begusarai News : प्रखंड मुख्यालय बाजार स्थित चैती दुर्गा मंदिर के समीप सड़क किनारे स्थित एस्बेस्टस निर्मित 'मां लक्ष्मी सिंगार महल' नामक दुकान में शनिवार की सुबह अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकान में रखी सिंगार सामग्री, कॉस्मेटिक उत्पाद और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया. इस हादसे में दुकान संचालक को लाखों रुपये की क्षति होने का अनुमान है.
अग्निशमन टीम ने आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास की दुकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया.
परिवार के भरण-पोषण का था एकमात्र सहारा
दुकान संचालक मेहदौली गांव निवासी बिपिन कुमार ने बताया कि वह भगवानपुर बाजार में 'मां लक्ष्मी सिंगार महल' नाम से सिंगार और कॉस्मेटिक की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. शनिवार की सुबह अचानक लगी आग में दुकान का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया. उन्होंने बताया कि इस हादसे में उन्हें लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है.
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.
घटनास्थल पर जुटी लोगों की भीड़
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए. आग पर काबू पाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली. वहीं प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है.
