Begusarai News: (नारायण कुमार) बेगूसराय जिले के मटिहानी थाना क्षेत्र अंतर्गत रामदीरी पंचायत-दो के लवहरचक गांव से लापता हुआ 14 वर्षीय किशोर आखिरकार पटना से सकुशल बरामद कर लिया गया. बच्चे के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है.
लापता किशोर की पहचान खलठू रजक के पुत्र रूपेश कुमार के रूप में की गई है.परिजनों के अनुसार रूपेश बीते गुरुवार की दोपहर करीब 2 बजे घर से निकला था,जिसके बाद वह अचानक गायब हो गया.परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे.
घटना के बारें में चाचा ने क्या बताया?
रूपेश के चाचा सीताराम रजक ने बताया कि खोजबीन के दौरान पता चला कि बच्चा भटकते हुए पटना के जीरोमाइल गोलम्बर के समीप एक होटल तक पहुंच गया था.होटल संचालकों ने बच्चे को अकेला देख उससे पूछताछ की,तब उसने अपनी पूरी आपबीती सुनाई.
बच्चे की बात सुनने के बाद होटल संचालकों ने मानवता दिखाते हुए अपने मोबाइल फोन से पटना में रह रहे उसके चाचा और मामा से संपर्क किया और बच्चे के वहां होने की जानकारी दी.सूचना मिलते ही परिजन तुरंत पटना जीरोमाइल गोलम्बर पहुंचे और रूपेश को सकुशल अपने साथ घर ले आए.उक्त बच्चा अभी पटना में चाचा के पास ही है.
थाना अध्यक्ष ने बताया
इधर मटिहानी थाना अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि इस मामले को लेकर थाना को अब तक कोई आधिकारिक सूचना या आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है.
