बेगूसराय में 'अस्मिता महिला सिटी रोड साइकिलिंग लीग' का जलवा, विश्व साइकिल दिवस पर बेटियों ने दिखाया दमखम

Begusarai News: विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर बेगूसराय के अलाव हवाई अड्डा मैदान में 'अस्मिता महिला सिटी रोड साइकिलिंग लीग' का भव्य आयोजन किया गया. साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार और बेगूसराय साइकिलिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में इसका आयोजन किया गया.

Begusarai News: (विकाश मिश्रा की रिपोर्ट) विश्व साइकिल दिवस के खास मौके पर बुधवार को बेगूसराय के अलाव हवाई अड्डा मैदान में रफ्तार और जुनून का अनोखा संगम देखने को मिला. साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI) के मार्गदर्शन में साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार एवं बेगूसराय साइकिलिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘अस्मिता महिला सिटी रोड साइकिलिंग लीग’ का सफल आयोजन किया गया. इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से आईं महिला साइकिलिस्टों ने उमस भरी गर्मी के बीच उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया.

सब-जूनियर, जूनियर और एलीट वर्ग के कड़े मुकाबले, ये रहीं विजेता:

प्रतियोगिता को तीन मुख्य श्रेणियों में बांटा गया था, जिसमें रेस ट्रैक पर बेटियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली:

1. सब जूनियर वर्ग (10 किलोमीटर मास्टर स्टार्ट):

  • प्रथम स्थान: अंजलि कुमारी
  • द्वितीय स्थान: सोनम कुमारी
  • तृतीय स्थान: सिंधी कुमारी

2. जूनियर वर्ग (15 किलोमीटर रेस):

  • प्रथम स्थान: सुहानी कुमारी
  • द्वितीय स्थान: सोनम कुमारी
  • तृतीय स्थान: राधा कुमारी

3. महिला एलीट वर्ग (20 किलोमीटर मुख्य रेस):

  • प्रथम स्थान: बबली कुमारी
  • द्वितीय स्थान: मीठी कुमारी
  • तृतीय स्थान: आशिकी कुमारी

साइकिलिंग केवल खेल नहीं, पर्यावरण और सेहत का रक्षक: खेल पदाधिकारी

प्रतियोगिता की समाप्ति के बाद मुख्य अतिथि जिला कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल, नकद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया.

खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए खेल पदाधिकारी ने कहा:’साइकिलिंग केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ जीवनशैली, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का सबसे सशक्त माध्यम है. इस ट्रैक पर बेटियों की यह गगनचुंबी भागीदारी साबित करती है कि आज की महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं. बिहार सरकार जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रयासरत है. हमारी शुभकामनाएं हैं कि बेगूसराय की ये बेटियां राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश का नाम रोशन करें.’

युवाओं के लिए आयोजित हुई ओपन रैली रेस

महिला लीग के सफल समापन के बाद विश्व साइकिल दिवस को आम जनमानस से जोड़ने के लिए एक ‘ओपन रैली रेस’ का भी आयोजन किया गया. इसमें शहर के बड़ी संख्या में युवाओं और खेल प्रेमियों ने पैडल मारकर फिटनेस का संदेश दिया. इस ओपन रैली रेस में शिवम कुमार ने प्रथम, गोलू कुमार ने द्वितीय तथा अंकित कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया.

इस खेल महाकुंभ को सफल बनाने में बेगूसराय साइकिलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अंकित कुमार, उपाध्यक्ष सुरवीर कुमार, सचिव रवि किशोर, संयुक्त सचिव अमूल मिश्रा, कोषाध्यक्ष अंजलि कुमारी और शिवम कुमार समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, कोच और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.

Also Read: खान सर की कोचिंग पर हमले का वीडियो देखिए, गार्ड से मारपीट, तोड़फोड़ और पोस्टर फाड़ते दिखे हमलावर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >