Begusarai News: (नीरज कुमार की रिपोर्ट) बेगूसराय जिले के बरौनी प्रखंड अंतर्गत गढ़हरा थाना क्षेत्र के बीहट नगर परिषद स्थित राजवाड़ा दुर्गा स्थान के पास सड़क एवं नाला निर्माण को लेकर विवाद हिंसक हो गया. आरोप है कि दबंगों ने निर्माण कार्य रुकवाते हुए ग्रामीणों के साथ जमकर मारपीट की. घटना में कई ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए.
बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर बुडको द्वारा सड़क और नाला निर्माण कार्य कराया जा रहा था. इसी दौरान कुछ लोगों ने निर्माण कार्य का विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपितों ने लाठी-डंडे एवं लोहे के सरिया से ग्रामीणों पर हमला कर दिया.
वायरल वीडियो में दिखी मारपीट
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में कुछ लोग ग्रामीणों पर लाठी और लोहे के सरिया से हमला करते दिखाई दे रहे हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, वह पहले से मौजूद सड़क है, जो क्षतिग्रस्त हो चुकी थी. उसी सड़क पर दोबारा निर्माण कार्य कराया जा रहा था.
ग्रामीणों ने लगाया दबंगई का आरोप
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि एक परिवार दबंगई दिखाते हुए सड़क और नाला निर्माण रुकवाना चाहता है. उनका कहना है कि निर्माण कार्य दूसरी जगह कराया जाए. वहीं ग्रामीणों और ठेकेदार का कहना है कि पूर्व से बनी सड़क पर ही नया निर्माण होना चाहिए.
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही गढ़हरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. गढ़हरा थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार राम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पीड़ित पक्ष के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है.
