बेगूसराय में सरकार की बड़ी पहल, पशुपालकों में बांटे गए 36 लाख रुपए

Begusarai News : बेगूसराय जिले के डंडारी प्रखंड स्थित तेतरी दुग्ध उत्पादन समिति के 18वें लाभांश वितरण सह दुग्ध उत्पादक सम्मान समारोह में सैकड़ों पशुपालक किसानों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में 479 दुग्ध उत्पादकों के बीच 36 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की गई.

Begusarai News : (विकाश मिश्रा) बेगूसराय जिले के डंडारी प्रखंड स्थित तेतरी दुग्ध उत्पादन समिति के 18वें लाभांश वितरण सह दुग्ध उत्पादक सम्मान समारोह में सैकड़ों पशुपालक किसानों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में 479 दुग्ध उत्पादकों के बीच 36 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की गई. साथ ही पशुपालकों के कल्याण और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने को लेकर सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई.

ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है दुग्ध उत्पादन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के राज्य कार्यकारिणी सदस्य अमरेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि दूध केवल पोषण का प्रमुख स्रोत नहीं है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव भी है. उन्होंने कहा कि बिहार के विकास में दुग्ध उत्पादक किसानों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और केंद्र तथा राज्य सरकार पशुपालकों के हित में लगातार काम कर रही है.

पशुपालकों के हित में चलाई जा रही हैं कई योजनाएं

अमरेन्द्र कुमार सिंह ने किसानों को दूध की कीमतों, फसल क्षति मुआवजा और पशुपालन से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि सरकार पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाने और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है.

समिति विस्तार और बेहतर सुविधाओं पर दिया गया जोर

समारोह में काम्फेड पटना के प्रभारी एमडी हामीद उद्दीन, बरौनी डेयरी के एमडी रविन्द्र प्रसाद, प्रापण पदाधिकारी धनंजय कुमार, डॉ. संजीव और उपप्रबंधक विशाल वैभव सहित अन्य अधिकारियों ने भी पशुपालकों को संबोधित किया. उन्होंने समिति से जुड़कर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की.

पशुपालकों को मिली आधुनिक सुविधाओं की जानकारी

अधिकारियों ने कहा कि पशुपालकों को उनके दूध का उचित मूल्य दिलाने, गांवों में दूध संग्रह केंद्र और सुधा बिक्री केंद्र खोलने, बेहतर नस्ल के पशु उपलब्ध कराने, कृत्रिम गर्भाधान, उन्नत चिकित्सा सुविधा और पशुपालन विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.

479 किसानों के बीच बांटे गए 36 लाख रुपये

तेतरी दुग्ध उत्पादन समिति के अध्यक्ष ज्वाला प्रसाद शर्मा और सचिव सत्यम कुमार ने बताया कि समिति की ओर से 479 पशुपालकों के बीच कुल 36 लाख रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि वितरित की गई. इस दौरान किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला.

महिलाओं और स्कूल को भी मिला लाभ

समिति की ओर से दातव्य निधि के तहत मध्य विद्यालय तेतरी को वाटर कूलर प्रदान किया गया. वहीं 21 महिलाओं को साड़ी वितरित की गई. पशु विकास निधि के माध्यम से 479 किसानों को बाल्टी, सुधा मिल्क पाउडर और मिठाई भी दी गई.

प्रगतिशील पशुपालकों को किया गया सम्मानित

समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पशुपालकों उमेश यादव, मुकेश कुमार सिंह और रामप्रवेश यादव को पंखा भेंटकर सम्मानित किया गया. उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए अन्य किसानों को भी प्रेरित किया गया.

अतिथियों का हुआ भव्य स्वागत

दुग्ध समिति की ओर से कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों का चादर, मोमेंटो और फूल-माला देकर स्वागत किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पशुपालक, किसान और समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे.

सैकड़ों किसानों की रही भागीदारी

समारोह में सुधा मित्र, समिति सदस्य, प्रगतिशील किसान और क्षेत्र के सैकड़ों पशुपालकों ने भाग लिया. कार्यक्रम का उद्देश्य दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना, पशुपालकों को प्रोत्साहित करना और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Singh

विवेक सिंह माता सीता की धरती और मिथिला का द्वार कहे जाने वाले समस्तीपुर जिले से आते हैं. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. इससे पहले #The_Newsdharma के साथ डिजिटल मीडिया, ग्राउंड रिपोर्टिंग , और न्यूज़ लेखन के क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव रहा है. सामाजिक, राजनीतिक, शिक्षा, युवा, महिला सुरक्षा और जनता से जुड़े मुद्दों पर विशेष रुचि रखते हैं. सरल, तथ्यात्मक और प्रभावी लेखन शैली के माध्यम से पाठकों तक महत्वपूर्ण खबरें और मुद्दे पहुंचाने का निरंतर प्रयास करते हैं. NGO अमर शहीद बिपिन सिंह फाउंडेशन के साथ जुड़कर सामाजिक, स्वास्थ्य, पर्यावरण ,रोजगार और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर भी कार्य करने का अनुभव हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >