बछवाड़ा में चूल्हे की चिंगारी से दो घरों में लगी भीषण आग, एक महिला और तीन बकरियां झुलसीं, सब कुछ राख

Begusarai News: बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के भीखमचक गांव में मंगलवार की देर रात चूल्हे की चिंगारी से अचानक भीषण आग लग गई. इस अगलगी में दो फूस के घर जलकर पूरी तरह राख हो गए. हादसे की चपेट में आने से एक महिला और तीन बकरियां गंभीर रूप से झुलस गईं.

Begusarai News: (डबलु कुमार की रिपोर्ट) बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के भीखमचक पंचायत (वार्ड संख्या दो) स्थित भीखमचक गांव में मंगलवार की देर रात आग का तांडव देखने को मिला. यहाँ रसोई के चूल्हे से निकली एक छोटी सी चिंगारी ने भीषण रूप अख्तियार कर लिया, जिससे दो फूस के घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए. इस दर्दनाक हादसे में घर के अंदर बंधीं तीन बकरियां बुरी तरह झुलस गईं, जबकि उन्हें बचाने के प्रयास में एक महिला भी आग की लपटों की चपेट में आकर झुलस गई.

अगलगी की इस घटना में पीड़ित परिवारों की पहचान वार्ड दो निवासी सिया पासवान के पुत्र जीवछ पासवान और गोविंद पासवान की पत्नी समतोला देवी के रूप में की गई है. घटना के बाद से दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है.

बिजली आने पर देखा तो धधक रहा था आशियाना, सब कुछ जलकर हुआ खाक

पीड़ित महिला समतोला देवी ने आपबीती बताते हुए कहा कि रात में मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाने के बाद वे लोग गर्मी के कारण घर के बाहर सोने चले गए थे. देर रात जब अचानक बिजली आई, तो वे किसी काम से घर के अंदर गईं. इसी दौरान उन्होंने देखा कि चूल्हे की बची हुई चिंगारी से फूस के छप्पर में आग लग चुकी थी. जब तक वे कुछ समझ पातीं और शोर मचातीं, देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और जीवछ पासवान व उनके घर को अपनी चपेट में ले लिया.

इस हादसे में घर के अंदर रखे कपड़े, सालभर का अनाज, बर्तन, नकद रुपये और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज (कागजात) जलकर पूरी तरह राख हो गए. चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मोर्चा संभाला और पास के पंपसेट व चापाकल की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि, जब तक आग बुझाई जाती, तब तक पीड़ित परिवारों का सब कुछ बर्बाद हो चुका था.

अधिकारियों से की गई सरकारी सहायता की मांग

भीषण अगलगी की सूचना मिलते ही भीखमचक पंचायत के मुखिया रामदेव साहनी, राज्य आशा संघ की प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता राय और शाखा मंत्री प्रेम पासवान सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और समाजसेवी बुधवार सुबह मौके पर पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और निजी स्तर पर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया.

जनप्रतिनिधियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बछवाड़ा के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और अंचलाधिकारी (CO) से अविलंब पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से उचित मुआवजा, पॉलीथिन शीट और अन्य सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की पुरजोर अपील की है.

Also Read: खान सर की कोचिंग पर हमले का वीडियो देखिए, गार्ड से मारपीट, तोड़फोड़ और पोस्टर फाड़ते दिखे हमलावर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >