Witness murdered in Begusarai : बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. यहां रघुनाथपुर गांव के 18 वर्षीय गोलू कुमार की हत्या उस वक्त कर दी गई, जब वह अपनी नाबालिग बहन के अपहरण मामले में कोर्ट की कार्रवाई में शामिल होने जा रहा था. आरोप है कि बदमाशों ने पहले उसे रास्ते में रोककर धमकाया और फिर धारदार हथियार से हमला कर उसकी जान ले ली. इस घटना ने कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है.
रास्ते में दी गई धमकी, फिर कर दी हत्या
परिजनों के मुताबिक गोलू कुमार अपनी बहन के अपहरण केस में न्यायालय में बयान दर्ज कराने जा रही पुलिस टीम के पीछे-पीछे अपनी बाइक से जा रहा था. जैसे ही वह रघुनाथपुर गांव से आगे बढ़ा, पहले से घात लगाए आरोपियों ने उसे रोक लिया. आरोपियों ने साफ कहा कि बहन से बयान बदलवा दो और केस वापस ले लो, नहीं तो कोर्ट तक जिंदा नहीं पहुंच पाओगे. गोलू ने उनकी धमकी को नजरअंदाज किया और आगे बढ़ने की कोशिश की.
इसी दौरान बदमाशों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. सिर पर किए गए वार इतने गंभीर थे कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.
पहले लगा सड़क हादसा, जांच में खुला हत्या का राज
घटना के तुरंत बाद लोगों को यह एक सामान्य सड़क दुर्घटना लगी. लेकिन जब 4 अगस्त को पुलिस ने मामले की गहराई से जांच की, तो सच्चाई सामने आई और इसे हत्या का मामला पाया गया. इसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोग दहशत में आ गए.
अपहरण केस से जुड़ा है पूरा मामला
मृतक के चाचा सच्चिदानंद राय ने बताया कि 31 जुलाई की सुबह करीब 3 बजे गोलू की नाबालिग बहन का गांव के ही कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया था. इस मामले में 1 अगस्त को साहेबपुर कमाल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लड़की को बरामद कर लिया था.
3 अगस्त को पुलिस लड़की को कोर्ट में बयान दर्ज कराने के लिए ले जा रही थी. उसी दौरान गोलू भी अपनी आर-15 बाइक से कोर्ट जा रहा था. इसी दौरान यह खौफनाक वारदात हुई.
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया आंखों देखा हाल
घटना का एक चश्मदीद भी सामने आया है. गांव के एक युवक ने बताया कि वह पीछे से आ रहा था और उसने हमलावरों को गोलू पर हमला करते देखा. हालांकि डर के कारण वह मौके से भाग गया, लेकिन बाद में उसने परिजनों को पूरी जानकारी दी.
गुस्साए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
सोमवार देर रात जब गोलू का शव गांव पहुंचा, तो माहौल गम और गुस्से में बदल गया. परिजनों के साथ ग्रामीणों का आक्रोश भी फूट पड़ा. 4 अगस्त को लोगों ने करीब एक घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर प्रदर्शन किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.
पुलिस ने दर्ज किया केस, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
मृतक के चाचा की शिकायत पर लाखो थाना में बीएनएस की धारा 103(1), 61(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि इस केस का मुख्य आरोपी अंकित कुमार पहले से जेल में बंद है. वहीं अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
