बेगूसराय : बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे रामकृपाल यादव, कम्युनिटी किचन का लिया जायजा; समय पर राहत पहुंचाने के दिए निर्देश

बिहार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने बेगूसराय के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया. उन्होंने प्रभावित परिवारों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना और अधिकारियों को राहत सामग्री समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए.

Begusarai Flood Relief : बेगूसराय जिले में बाढ़ की स्थिति के मद्देनजर बेगूसराय जिले के प्रभारी मंत्री एवं बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने तेघड़ा प्रखंड के निपानिया मधुरापुर पंचायत सहित मल्हीपुर दक्षिण बिंदटोली, निपानिया मधुरापुर एवं बरौनी-2 के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर बाढ़ की वर्तमान स्थिति एवं प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही राहत सुविधाओं का जायजा लिया.

भ्रमण के दौरान प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जलजमाव एवं आवागमन की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया तथा प्रभावित परिवारों को जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही राहत एवं बचाव सुविधाओं की जानकारी ली.

उन्होंने प्रभावित लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.

कम्युनिटी किचन, पेयजल और मूलभूत सुविधाओं का लिया जायजा

प्रभारी मंत्री ने विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में संचालित कम्युनिटी किचन का भी निरीक्षण किया और वहां प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराए जा रहे पका हुआ भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली.

इसके साथ ही बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए उपलब्ध कराए जा रहे शौचालय, शुद्ध पेयजल, पन्नी सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का भी जायजा लिया. इस दौरान प्रभावित परिवारों ने अपनी समस्याओं से प्रभारी मंत्री को अवगत कराया.

राहत सामग्री समय पर पहुंचाने और निगरानी के सख्त निर्देश

प्रभारी मंत्री ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता एवं राहत सामग्री समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें.

उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों को पूरी तत्परता के साथ संचालित करने तथा प्रभावित लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया.

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भोजन, शुद्ध पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, पन्नी सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की नियमित रूप से निगरानी की जाए.

स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान और संवेदनशीलता पर जोर

साथ ही प्रभावित परिवारों से प्राप्त समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए. भ्रमण के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार संचालित किए जा रहे हैं.

प्रशासन का प्राथमिक उद्देश्य प्रभावित परिवारों को सुरक्षित रखते हुए उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है. उन्होंने अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करते हुए जरूरतमंद परिवारों तक राहत पहुंचाने का निर्देश दिया.

तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार और पदाधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर तेघड़ा के विधायक रजनीश कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विपिन कुमार मिश्र

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >