Begusarai News: बेगूसराय जिले के नावकोठी प्रखंड के पहसारा पश्चिम स्थित कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को ग्रामीणों ने व्यापक सफाई अभियान चलाया. विद्यालय परिसर को स्वच्छ और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से चलाये गये अभियान के दौरान झाड़ियों, पेड़-पौधों और बेतरतीब उगी घास-फूस की कटाई-छंटाई की गयी. परिसर के चारों तरफ और मुख्य गेट के आसपास भी विशेष साफ-सफाई की गयी.
छात्राओं की सुरक्षा पर विशेष जोर
सफाई अभियान के दौरान बिजली विभाग के कर्मियों की मौजूदगी में हाईटेंशन तार के संपर्क में आ रही खतरनाक टहनियों की भी कटाई-छंटाई की गयी. बिजली विभाग के धीरज कुमार समेत अन्य मानव बल मौके पर मौजूद रहे. ग्रामीणों का कहना था कि इससे विद्यालय आने वाली छात्राओं को संभावित खतरे से बचाया जा सकेगा.
ज्ञान का मंदिर स्वच्छ रहे
भाजपा युवा नेता शिवम वत्स ने कहा कि ज्ञान का मंदिर स्वच्छ और आकर्षक होना चाहिए. इसे स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि विद्यालय में सफाई अभियान आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा.
बड़ी संख्या में ग्रामीण हुए शामिल
अभियान में सीपीआई नेता अमर कुमार सिंह, प्रशांत कुमार, राहुल कुमार भारती, कर्नल, पूर्व पैक्स अध्यक्ष रणवीर कुमार, लाखन, मोटरी सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया. ग्रामीणों ने विद्यालय प्रबंधन से सफाई के साथ-साथ परिसर के नियमित रख-रखाव पर भी ध्यान देने की अपील की.
Also Read: बेगूसराय DIG शैलेश कुमार सिन्हा ने बाबा हरिगिरि धाम में किया जलाभिषेक, जनकल्याण की कामना
