Begusarai News : जनहित के मुद्दों को लगातार उठाने वाले जिला परिषद सदस्य सह भाजपा जिला मंत्री अमित कुमार देव ने बलिया–परिहारा पथ के चौड़ीकरण की मांग को लेकर जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है. उन्होंने जिला प्रशासन से बिहार सरकार को सड़क चौड़ीकरण के लिए अनुशंसा भेजने का आग्रह किया है. उनका कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र की प्रमुख सड़कों में शामिल है और इसकी वर्तमान स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है.
संकरी सड़क पर बढ़ा भारी वाहनों का दबाव
अमित कुमार देव ने अपने आवेदन में बताया कि बलिया–परिहारा पथ वर्तमान में काफी संकरा है, जबकि इस मार्ग से प्रतिदिन 18-चक्का ट्रकों सहित बड़ी संख्या में भारी वाहनों का आवागमन होता है. यह सड़क समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी समेत उत्तर बिहार के कई जिलों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग बन चुकी है. ऐसे में सड़क की कम चौड़ाई के कारण लगातार जाम और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है.
सुहागी पुल के पास रोज लग रहा जाम
ज्ञापन में उन्होंने विशेष रूप से सुहागी पुल के समीप प्रतिदिन लगने वाले भीषण जाम का उल्लेख किया है. उनका कहना है कि सुबह और शाम के समय लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है. इससे स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों, व्यापारियों और आम यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. सड़क की संकरी चौड़ाई के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है.
जीपीएस युक्त तस्वीरों के साथ भेजा गया प्रस्ताव
अमित कुमार देव ने बताया कि सड़क की वर्तमान स्थिति और जाम की समस्या को दर्शाने वाले जीपीएस युक्त फोटोग्राफ भी आवेदन के साथ उपलब्ध कराए गए हैं. उन्होंने जिला प्रशासन से जनहित और सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग को शीघ्र प्रस्ताव भेजने का अनुरोध किया है, ताकि सड़क चौड़ीकरण की स्वीकृति मिल सके.
चौड़ीकरण से मिलेगी जाम से राहत और विकास को मिलेगा बढ़ावा
उन्होंने कहा कि सड़क का चौड़ीकरण होने से न केवल जाम की समस्या का समाधान होगा, बल्कि लाखों लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी. साथ ही क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी.
स्थानीय लोगों ने पहल का किया स्वागत
क्षेत्र के लोगों ने जिला परिषद सदस्य अमित कुमार देव की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया है. लोगों ने बिहार सरकार और जिला प्रशासन से इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई कर सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है.
Also Read : अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने की समीक्षा बैठक, थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
