बेगूसराय के बखरी प्रखंड में संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी 20 सूत्री समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों को नहीं दिए जाने को लेकर शनिवार को आयोजित बैठक में सदस्यों ने नाराजगी जताई. शनिवार को बीस सूत्री कार्यालय बखरी में प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष मनोज महतो की अध्यक्षता में बैठक हुई. बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के बाद सदस्यों ने कई अहम फैसले लिए हैं.
नियमित बैठक और योजनाओं की मांग
बैठक में पहला प्रस्ताव 20 सूत्री समिति की नियमित बैठक आयोजित कराने को लेकर पारित किया गया. इसके लिए सदस्य सचिव-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी बखरी को पत्र देकर बैठक आयोजित कराने की मांग की गई.
सदस्यों ने कहा कि सरकार की ओर से प्रखंड क्षेत्र में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन इनकी समुचित जानकारी 20 सूत्री अध्यक्ष एवं सदस्यों को नहीं दी जा रही है. इसी तरह पंचायत स्तर पर आयोजित सहयोग शिविरों की जानकारी भी समिति के सदस्यों को नहीं दी जाती है.
जांच कमिटी का गठन
बैठक में दूसरा महत्वपूर्ण फैसला प्रखंड में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जांच कराने का लिया गया. इसके लिए समिति की ओर से एक जांच कमिटी गठित की गई है. कमिटी विभिन्न विभागों और संस्थानों में जाकर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जांच करेगी.
जांच के दायरे में विद्यालय, जन वितरण प्रणाली, आंगनबाड़ी केंद्र, मनरेगा (जीआरएमजी), आरटीपीएस, अंचल कार्यालय, स्वास्थ्य विभाग समेत अन्य विभागों की योजनाएं शामिल की गई हैं.
अनियमितता पर कार्रवाई की मांग
समिति द्वारा योजनाओं के संचालन, लाभुकों को मिलने वाली सुविधाओं तथा मौके पर योजनाओं की वास्तविक स्थिति की जांच की जाएगी.
सदस्यों ने निर्णय लिया कि जांच के दौरान यदि किसी विभाग या योजना में अनियमितता, लापरवाही या सरकारी प्रावधानों के विपरीत कार्य पाया जाता है, तो उसकी पूरी जानकारी लिखित रूप से वरीय पदाधिकारियों एवं सरकार को भेजी जाएगी, ताकि संबंधित मामले में कार्रवाई हो सके.
बैठक में मौजूद सदस्य
बैठक में 20 सूत्री समिति के उपाध्यक्ष बिंदेश्वरी राय, सदस्य पंकज पासवान, अमरनाथ पाठक, कामिनी कंचन, नरेश महतो, सुनील कुमार, मोहम्मद मुजम, लक्ष्मी सदा, विपिन कुमार, केशव मिश्रा एवं मंजू रानी मौजूद थे.
