बलिया. थाना क्षेत्र के कस्बा गांव में सोमवार को एक किशोर के द्वारा पांच वर्षीया मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने एनएच जाम किया. गुस्साये ग्रामीणों के द्वारा मंगलवार की दोपहर एनएच-31 स्थित कस्बा ढाला के समीप एनएच को जाम कर पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने एवं आरोपित को सजा दिलाने की मांग कर रहे थे. वहीं एन एच जाम होने से कुछ घंटों के लिए आवागमन पूरी तरह ठप हो गया. इसकी सूचना मिलते ही प्रशिक्षु आइपीएस सह थानाध्यक्ष साक्षी कुमारी दल बल के साथ जाम स्थल पर पहुंच कर लोगों से वार्ता की.
एनएच जाम रहने के कारण सड़क की दोनों तरफ वाहनों की लग गयी लंबी कतार
मौके पर बलिया डीएसपी नेहा कुमारी भी पहुंच कर सुरक्षा की कमान संभाली. साथ ही लोगों को समझाया, लेकिन लोग मानने के लिये तैयार नहीं थे. बताया जाता है कि स्थानीय युवकों के द्वारा ग्रामीणों के बीच आरोपित को बचाने को लेकर अफवाह फैलायी गयी. जिस अफवाह से लोग आक्रोशित होकर सड़क पर उतर गये. लोगों के द्वारा लगभग दो घंटे तक एनएच-31 को जाम रखा गया. स्थानीय पुलिस के द्वारा लोगों को समझा-बुझाकर जाम को हटाया गया. इस बीच एनएच जाम रहने के कारण एन एच पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गयी. दूर दराज के लोगों को आवागमन की परेशानी उत्पन्न हो गयी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
