Begusarai News : चौथी और अंतिम सोमवारी को लेकर बाबा हरिगिरिधाम में उमड़ने वाली संभावित श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं को लेकर शुक्रवार को हरिगिरिधाम परिसर में अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों, स्वयंसेवकों और व्यवस्था में लगे कर्मियों के साथ वृहद बैठक आयोजित की गई. बैठक में आगामी सोमवारी के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने का सख्त निर्देश दिया गया. बैठक की अध्यक्षता हरिगिरिधाम न्यास समिति के अध्यक्ष सह बखरी एसडीएम सन्नी कुमार सौरभ ने की. उन्होंने कहा कि अंतिम सोमवारी में व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
बिजली और आपात स्थिति से निपटने की विशेष तैयारी
बैठक में बिजली व्यवस्था को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई. भीड़ के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने से उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं को देखते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक तैयारी रखने का निर्देश दिया गया. प्रशासन की ओर से किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
आगजनी से निपटने के लिए दो अग्निशमन गाड़ियां रहेंगी तैनात
आगजनी जैसी किसी भी आकस्मिक घटना से निपटने के लिए दो अग्निशमन गाड़ियों की व्यवस्था की जाएगी. इनमें एक अग्निशमन वाहन हरिगिरिधाम परिसर में तैनात रहेगा, जबकि दूसरा वाहन गतिमान स्थिति में रखा जाएगा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसे तत्काल घटनास्थल तक पहुंचाया जा सके.
पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर
श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया. प्रशासन और आम लोगों के सहयोग से पानी की व्यवस्था उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो. वहीं, किसी भी स्वास्थ्य संबंधी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए गढ़पुरा पीएचसी को अलर्ट मोड पर रखा गया है. स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया है कि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए.
Also Read : बेगूसराय में बीहट के स्कूल में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान, 700 बच्चों के बीच बांटे गए फलदार पौधे
प्रवेश और निकास के लिए रोडमैप होगा संशोधित
एसडीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पूरे रोडमैप की एक बार फिर समीक्षा कर उसे संशोधित किया जाएगा. प्रवेश और निकास के रास्तों को व्यवस्थित किया जाएगा, ताकि किसी एक स्थान पर भीड़ जमा न हो और श्रद्धालुओं का आवागमन सुचारु बना रहे. वाहनों की आवाजाही को भी निर्धारित व्यवस्था के अनुसार नियंत्रित किया जाएगा. रविवार शाम छह बजे के बाद मोटरसाइकिल की एंट्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. इसके बाद मोटरसाइकिल से परिसर की ओर आने वाले लोगों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा. प्रशासन ने व्यवसायियों और आम लोगों से यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है.
Also Read : सूखे नशे के खिलाफ चेरियाबरियारपुर में जागरूकता रैली, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
अवांछित गतिविधियों पर पुलिस की रहेगी विशेष नजर
बैठक में डीएसपी सह हरिगिरिधाम न्यास समिति के उपाध्यक्ष कुंदन कुमार ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि परिसर में अवांछित गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें तत्काल परिसर से बाहर किया जाए. उन्होंने कहा कि व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ आवश्यकता पड़ने पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. डीएसपी ने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. भीड़ में महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया है.
अशोक धाम की घटना से सबक लेने की अपील
बैठक में हाल में हुई अशोक धाम की घटना का उल्लेख करते हुए एसडीएम और डीएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों, दंडाधिकारियों, नागरिक स्वयंसेवकों, वॉलंटियर्स और स्थानीय युवाओं से पूरी तरह सजग और समर्पित रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि छोटी सी लापरवाही भी बड़ी घटना का कारण बन सकती है. इसलिए व्यवस्था में शामिल प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पूरी सतर्कता के साथ कार्य करना होगा.
श्रद्धालुओं से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील
एसडीएम और डीएसपी ने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा बनाए गए नियमों का पालन करने, धैर्य बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं. श्रद्धालुओं के सहयोग से ही भीड़ को बेहतर और सुरक्षित तरीके से नियंत्रित किया जा सकेगा. बैठक में हरिगिरिधाम न्यास समिति के अध्यक्ष सह एसडीएम सन्नी कुमार सौरभ, उपाध्यक्ष सह डीएसपी कुंदन कुमार, सचिव विकास सिंघानिया, बीडीओ अखिलेश्वर कुमार सहित गढ़पुरा प्रखंड और अंचल कार्यालय के पदाधिकारी-कर्मी, पुलिस पदाधिकारी, दंडाधिकारी, स्वयंसेवक, वॉलंटियर्स और व्यवस्था में लगे अन्य लोग मौजूद थे.
Also Read : दिल्ली रैली की तैयारी में जुटी भाकपा, साहेबपुर कमाल से सैकड़ों कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा
