बेगूसराय के बीहट अंतर्गत लदौरा गांव में शनिवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई. मृतक की पहचान निंगा पंचायत के लदौरा वार्ड-14 निवासी मो. ओसीम के 4 वर्षीय पुत्र मो. दानिश के रूप में हुई है.
घटना के बाद से ही परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की संध्या मो. दानिश खेल-खेल में चापाकल के पास बने पानी के गहरे गड्ढे के समीप चला गया, जहां अनियंत्रित होकर वह उसमें गिर गया. जब तक परिजनों को हादसे की भनक लगी और उसे गड्ढे से बाहर निकाला गया, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं.
पुलिस की कार्रवाई और परिजनों का इनकार
मामले की सूचना मिलने पर बरौनी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. बरौनी थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने कागजी प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन परिजनों ने बच्चे का शव पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया.
लिखित आवेदन और शव सुपुर्दगी
परिजनों ने इस संबंध में पुलिस को लिखित आवेदन सौंपा है, जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया.
जनप्रतिनिधियों ने बंधाया ढांढस
घटना की जानकारी मिलते ही निंगा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि और पंचायत समिति सदस्य मो. तौकीर आलम भी मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया. स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है.
गांव में पसरा मातम
इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों के क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया है और हर कोई इस आकस्मिक दुर्घटना से स्तब्ध है.
