बखरी (नगर) : बखरी मुख्य बाजार के केसरी पंचायत भवन स्थित एक कपड़े की दुकान में सोमवार की देर रात आग लग गयी. इसकी भनक आसपास के लोगों को जब तक लगी, तब तक आग ने भीषण रूप ले लिया. सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इस घटना में दुकान में रखा सारा सामान जल कर राख हो गया.
घटना के दौरान उक्त स्थल पर अफरातफरी का माहौल कायम रहा. मालूम हो कि बखरी बाजार स्थित जायसवाल मार्कट के सामने केसरी पंचायत भवन में स्थित वैष्णवी गारमेंट्स नामक कपड़े का बड़ा शो-रूम है. बताया जाता है कि सोमवार की रात दुकान के संचालक संजय केसरी प्रतिदिन की तरह रात 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गये.
देर रात उन्हें स्थानीय लोगों से जानकारी मिली कि उनकी दुकान में आग लग गयी है. सूचना पाकर वह दुकान पर पहुंच गये. घटना की सूचना तत्काल बखरी थाना और फायर ब्रिगेड के दस्ते को दी गयी. मौके पर पहुंची फायरबिग्रेड की चार गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार की सुबह आग पर काबू पाया. इस घटना में कपड़े के अलावा फर्नीचर भी जल कर राख हो गया.
इस घटना के बाद आसपास के दुकानदार भी काफी सहमे दिखे. जब तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका. तब तक आसपास के सभी दुकानदार मौके पर ही डटे रहे. इस घटना में लगभग 25 लाख के नुकसान का अनुमान है. बताया जा रहा है कि शार्ट सर्किट के कारण दुकान में आग लगी.
घर में आग लगने से हजारों की क्षति
भगवानपुर . संजात गांव के एक घर में अचानक आग लगने से हजारों रुपये के सामान की क्षति होने का मामला प्रकाश में आया है. पीड़ित अजय ठाकुर पिता रामविलास ठाकुर ने आवेदन सीओ कुमार नलिनीकांत एवं थाना प्रभारी दीपक कुमार को दिया है. जिसमें उन्होंने बताया है कि करीब दिन के दो बजे मेरे घर में अचानक आग लग गयी.
आग लगने से घर में रखा अनाज, कपड़ा सहित घर में रखे 30 हजार रुपये जलकर राख हो गये. आसपास के लोगों के प्रयास से किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका. उन्होंने उक्त दोनों पदाधिकारियों से जांच कर उचित मुआवजा देने की मांग की है. इधर सीओ ने इसकी जांच कर क्षतिपूर्ति देने पर विचार करने का आश्वासन दिया है.
