बेगूसराय(कोर्ट) : अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश दीपक भटनागर के न्यायालय में आर्म्स एक्ट मामले के आरोपित पूर्व मंत्री मंजू वर्मा की ओर से दाखिल डिस्चार्ज आवेदन पर बहस दोनों पक्षों की पूरी हुई. पूर्व मंत्री की ओर से अधिवक्ता ललन कुमार ने बहस की.
जबकि अभियोजन की ओर से अपर लोक अभियोजक राजकुमार महतो ने बहस की. बहस पूरी होने के बाद न्यायालय ने आदेश के लिए 28 जून की तारीख मुकर्रर की है. ज्ञात हो कि मुजफ्फरपुर शेल्टर होम के अनुसंधान के क्र म में सीबीआइ पटना ने मंजू वर्मा के घर श्रीपुर में छापा मारा था.
जिसमें 50 गोली बरामद की गयी थी. जिसमें पूर्व मंत्री मंजू वर्मा को जेल भी जाना पड़ा और जमानत पटना उच्च न्यायालय से हुई थी. अब इस मामले में पूर्व मंत्री मंजू वर्मा ने न्यायालय में आवेदन देकर अपने को निर्दोष बताते हुए डिस्चार्ज आवेदन दाखिल किया है जिस पर न्यायालय 28 जून को अपना फैसला सुनायेगी.
एक सप्ताह में चाणक्य नगर के दो घरों में चोरी
बेगूसराय. नगर थाना क्षेत्र में इन दिनों बढ़ रही चोरी की घटनाएं चिंता का विषय बनता जा रहा है. बुधवार की रात भी चोरों ने नगर थाना क्षेत्र के चाणक्य नगर में एक सप्ताह के अंदर दूसरी बार चोरी की घटना को अंजाम दिया है. चोरों ने घर से 40 भर सोने,चांदी के जेवरात के साथ ही 4 हजार 900 रुपये पर अपना हाथ साफ कर लिया है.
इस बाबत पीड़ित गृहस्वामी विजय कुमार सिंह ने नगर थाने में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोर के विरुद्ध कार्रवाई करने की अपील की है. गृहस्वामी ने बताया कि वह बीती रात घर में ही मौजूद था.चोरों ने बड़ी सफाई से घर के दूसरे कमरे में रखे गोदरेज का ताला खोलकर करीब 40 भर सोने एवं चांदी के जेवरात पर से अपना हाथ साफ कर लिया है.चोरी के घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना की पुलिस ने जांच -पड़ताल की.
मालूम हो कि पिछले दिनों 21 जून को चाणक्य नगर मोहल्ले से ही चोरों ने एक घर के मकान मालिक सीताराम सिंह एवं किरायेदार अशोक चौधरी के रूम का ताला तोड़ कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था.इस घटना में करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति चोरों ने गायब कर दिया था. नगर थाने की पुलिस के द्वारा इस चोरी के घटना के खुलासे से पूर्व ही चोरों ने दूसरी घटना को अंजाम दे दिया.
