अमरपुर में कुएं से युवक का शव मिलने से सनसनी, ऑटो चालक की मौत से परिवार में मचा कोहराम, जांच शुरू

Banka News : अमरपुर नगर पंचायत के वार्ड 9 में एक कुएं में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान 25 वर्षीय विक्रम तांती के रूप में हुई, जो ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा.

Banka News : अमरपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या 9 तांती टोला स्थित एक कुएं में रविवार सुबह युवक का शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते आसपास के वार्डों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए. सूचना मिलने पर उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि सह वार्ड पार्षद प्रदीप कुमार पप्पू, वार्ड पार्षद रेखा देवी और पंकज दास सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.

पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला शव

घटना की जानकारी मिलते ही एसआई शहनवाज खान और बिरेन्द्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया. बाद में मृतक की पहचान वार्ड संख्या 9 निवासी स्वर्गीय गोपाल तांती के 25 वर्षीय पुत्र विक्रम तांती उर्फ कारू के रूप में हुई.

पहचान होते ही परिजनों में मचा कोहराम

शव की पहचान होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. मृतक के चचेरे भाई ललन तांती ने बताया कि विक्रम ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी मां पारो देवी और अन्य परिजन दिल्ली में रहते हैं, जबकि पत्नी रूपा देवी कुछ दिन पहले अपने चार माह के पुत्र शिवम कुमार और दो वर्षीय पुत्री रूही कुमारी के साथ मायके पवई गांव गई हुई थीं. सूचना मिलने पर वह तत्काल घटनास्थल पहुंचीं.

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि शनिवार शाम किसी कारणवश युवक कुएं के पास पहुंचा और गहरे पानी से भरे कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया गया है. परिजनों के आवेदन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रीतम कुमार

प्रीतम कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं. अमरपुर (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >