पानी समझकर युवक ने पी लिया डीजल, गले और छाती में जलन के बाद अस्पताल में भर्ती

Banka News: एक छोटी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है. बांका जिले के कटोरिया में ऐसा ही मामला सामने आया, जहां एक युवक ने प्यास लगने पर पानी समझकर बोतल से डीजल पी लिया. कुछ ही क्षणों में उसकी तबीयत बिगड़ गई और परिजनों को उसे अस्पताल पहुंचाना पड़ा.

कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट

Banka News : बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जखाजोर गांव में एक युवक के साथ चौंकाने वाली घटना हुई. घर में रखी पानी और डीजल की बोतलों में भ्रम होने के कारण युवक ने गलती से डीजल पी लिया. इसके बाद उसे गले और छाती में तेज जलन होने लगी. हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तत्काल कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया.

प्यास बुझाने के चक्कर में हो गयी बड़ी गलती

जानकारी के अनुसार जखाजोर गांव निवासी शालीग्राम यादव के 24 वर्षीय पुत्र विजय कुमार यादव को प्यास लगी थी. घर में एक ही स्थान पर पानी और डीजल से भरी बोतलें रखी हुई थीं. जल्दबाजी में विजय कुमार ने डीजल वाली बोतल को पानी समझकर खोल लिया और उससे पी लिया.परिजनों के मुताबिक जैसे ही डीजल गले के अंदर गया, युवक को बेचैनी महसूस होने लगी और उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई.

गले और छाती में होने लगी तेज जलन

डीजल पीने के बाद युवक को गले और छाती में तेज जलन की शिकायत शुरू हो गई. स्थिति गंभीर होते देख परिजनों में अफरा-तफरी मच गई. इसके बाद उसे तुरंत कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.

सीएचसी में कराया गया प्राथमिक उपचार

कटोरिया सीएचसी में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. शैलजानंद शुक्ला ने युवक का प्राथमिक उपचार किया. अस्पताल सूत्रों के अनुसार समय पर इलाज मिलने से उसकी स्थिति में सुधार होने लगा. चिकित्सकों ने उसे निगरानी में रखते हुए आवश्यक चिकित्सकीय सलाह भी दी.

सावधानी नहीं बरतने से हो सकते हैं बड़े हादसे

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि घरों में ज्वलनशील पदार्थों और पेयजल को एक साथ रखने से कितनी बड़ी दुर्घटना हो सकती है. विशेषज्ञों का कहना है कि डीजल, पेट्रोल, केरोसिन या अन्य रसायनों को हमेशा अलग और स्पष्ट पहचान वाले कंटेनरों में रखना चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.

परिवार में मचा रहा अफरा-तफरी का माहौल

घटना के बाद परिवार के सदस्यों में चिंता का माहौल बना रहा. हालांकि चिकित्सकों के उपचार के बाद युवक की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने भी इस घटना को लेकर घरों में सुरक्षा और सावधानी बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >