5 जून बांका में सिर्फ पौधे ही नहीं लगाये जायेंगे, पर्यावरण बचाने के लिए भी शुरू होगा जन आंदाेलन
World Environment Day 2026 : विश्व पर्यावरण दिवस 2026 को लेकर बांका में 5 जून को सिर्फ पौधे नहीं लगेंगे, बल्कि पर्यावरण बचाने का जनआंदोलन शुरू होगा. अमरपुर में हुई एकल अभियान की बैठक में गांव-गांव हरित क्रांति का खाका तैयार किया गया.
अमरपुर (बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट
Banka News : विश्व पर्यावरण दिवस 2026 को प्रभावी और जनभागीदारी आधारित बनाने के लिए बांका जिले के अमरपुर स्थित माधो साह ठाकुरबाड़ी परिसर में एकल अभियान की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरण कार्यक्रमों की विस्तृत रणनीति तैयार की गई. इस दौरान संगठन के अंचल अभियान प्रमुख नंदकिशोर शर्मा को उनके उत्कृष्ट सामाजिक एवं संगठनात्मक योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया.
पर्यावरण दिवस को जनआंदोलन बनाने की तैयारी
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि पर्यावरण संरक्षण अब केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित विषय नहीं रह गया है. बढ़ते प्रदूषण, जल संकट और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए समाज के हर वर्ग को आगे आने की आवश्यकता है. इसी उद्देश्य से 5 जून को व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने और लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का निर्णय लिया गया.
सम्मान के केंद्र में रहे नंदकिशोर शर्मा
बैठक के दौरान आयोजित सम्मान समारोह आकर्षण का केंद्र रहा. अंचल अभियान प्रमुख नंदकिशोर शर्मा को संगठन के विस्तार, समाज सेवा और जनहित कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए अंचल गतिविधि प्रमुख समरेश कुमार सिंह एवं अन्य आचार्यों ने अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया. उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं.
”प्रकृति बचेगी तो भविष्य सुरक्षित रहेगा”
सम्मान के बाद अपने संबोधन में नंदकिशोर शर्मा ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और निभाने का अवसर है. उन्होंने कहा कि एकल अभियान गांव-गांव में वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाएगा ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सके.
युवाओं को निभानी होगी सबसे बड़ी भूमिका
संघ प्रशिक्षक एवं युवा समाजसेवी विपिन कुमार ठाकुर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी सामाजिक आवश्यकता है. उन्होंने युवाओं से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील की. उनके अनुसार युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही हरित, स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है.
संकल्प के साथ संपन्न हुई बैठक
बैठक में नीरज कुमार, नवीन कुमार यादव, प्रवीण रंजन, शैलेश कुमार सिंह, अजीत कुमार सिंह, खुशबू रानी, बबीता कुमारी और विपिन कुमार ठाकुर सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन विश्व पर्यावरण दिवस को सफल बनाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ.