बर्तन और आभूषण दोगुना करने के नाम पर दर्जनों महिलाओं से ठगी, गांव में दहशत

रजौन प्रखंड क्षेत्र के भवानीपुर कठौन पंचायत के कठौन गांव में महिलाओं से ठगी का मामला सामने आया है.

बांका/रजौन. रजौन प्रखंड क्षेत्र के भवानीपुर कठौन पंचायत के कठौन गांव में महिलाओं से ठगी का मामला सामने आया है. एक शातिर महिला ने पहले गांव की महिलाओं का विश्वास जीता और फिर बर्तन, नकद राशि, फ्रिज तथा सोने-चांदी के आभूषण दोगुना करने का लालच देकर दर्जनों दलित महिलाओं को ठगी का शिकार बना लिया. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात महिला गांव के दलित टोले में पहुंची और उसने महिलाओं को पुराने एल्युमिनियम के बर्तनों के बदले दोगुने नए बर्तन देने की बात कही. कुछ परिवारों ने उस पर भरोसा कर बर्तन दिए, जिसके बदले महिला ने अगले दिन दोगुने बर्तन लौटाकर उनका विश्वास जीत लिया. इसके बाद उसने अपना जाल और बड़ा करते हुए महिलाओं को पुराने कांसे के बर्तनों के बदले दोगुना बर्तन सेट, 50 हजार रुपये नकद और एक फ्रिज देने का लालच दिया. साथ ही सोने-चांदी के आभूषण भी दोगुना करने का दावा किया. पहले से भरोसा कर चुकी दर्जनों महिलाएं उसके झांसे में आ गईं और अपने घरों से कीमती बर्तन तथा आभूषण उसे सौंप दिए. सामान लेने के बाद महिला ने अगले दिन लौटने का वादा किया और पीड़ितों को किसी को जानकारी नहीं देने की हिदायत दी. लेकिन जब वह अगले दिन नहीं लौटी तो ग्रामीणों को शक हुआ. काफी खोजबीन के बाद पता चला कि सभी महिलाएं ठगी का शिकार हो चुकी हैं. पीड़ित परिवारों के अनुसार, आरोपी महिला लाखों रुपये मूल्य के बर्तन और आभूषण लेकर फरार हो गयी है. रजौन प्रखंड क्षेत्र में इस तरह की ठगी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. इसके बावजूद कई लोग लालच में आकर अपनी मेहनत की कमाई गंवा रहे हैं. स्थानीय लोगों ने ऐसे गिरोह से सतर्क रहने की अपील की है. इस संबंध में रजौन थानाध्यक्ष राज रतन ने बताया कि इस तरह की किसी भी घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और लोग ठगी के शिकार होने से बच सकें.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shubhash baidya

सुभाष वैद्य प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के बांका कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >