महिला अपनी एक वर्षीय पुत्री के साथ लापता, पुलिस जांच में जुटी
शंभुगंज.
शंभुगंज थाना क्षेत्र के सोतीचक गांव से एक महिला के अपनी एक वर्षीय पुत्री के साथ रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है. घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया है और अनहोनी की आशंका जतायी जा रही है. काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजन थाना पहुंचकर पुलिस से बरामदगी की गुहार लगायी है. लापता महिला की पहचान सोतीचक गांव निवासी जूही कुमारी, पति राजकुमार शर्मा के रूप में हुई है. ग्रामीण सूत्रों के अनुसार, राजकुमार शर्मा की शादी वर्ष 2022 में मुंगेर जिले के टेटिया बंबर थाना क्षेत्र अंतर्गत मथुरा गांव निवासी मोहन शर्मा की पुत्री जूही कुमारी से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. शादी के बाद जूही को दो पुत्रियां हुईं, जिनमें से एक को वह अपने साथ लेकर लापता हो गई है. परिजनों ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण जूही का पति मजदूरी के लिए बाहर प्रदेश चला गया था. बताया जा रहा है कि वह करीब एक सप्ताह पहले ही काम के सिलसिले में घर से बाहर गया है. इसी बीच जूही कुमारी अपनी एक वर्षीय पुत्री के साथ अचानक घर से गायब हो गई. घटना के बाद परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी. मंगलवार को जूही की मां विद्या देवी अपने परिजनों के साथ शंभुगंज थाना पहुंचीं और पुलिस को लिखित आवेदन देकर बेटी व नातिन की बरामदगी की मांग की. इस संबंध में पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जायेगी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.