अमरपुर (बांका). अमरपुर थानाक्षेत्र के महादेवपुर गांव में शुक्रवार को गीला कपड़ा सुखाने के दौरान विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गयी. मृतक महिला की पहचान महादेवपुर गांव निवासी सुबोद शर्मा की 45 वर्षीय पत्नी रामा देवी के रूप में हुई. शुक्रवार की दोपहर महिला स्नान करने के बाद गीला कपड़ा लोहे की तार पर सुखाने गयी थी.
20 मिनट के बाद परिजनों की नजर महिला पर पड़ी
महिला विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गयी. करीब 20 मिनट के बाद परिजनों की नजर महिला पर पड़ी आनन-फानन में परिजन डंडे की मदद से महिला को विद्युत तार से अलग करते हुए उपचार के लिए उन्हें लेकर अमरपुर अस्पताल आये. अस्पताल में डॉ अमित कुमार शर्मा के द्वारा महिला की जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया.
परिजनों में मच गया कोहराम
महिला की मौत का सूचना मिलते ही महिला के परिजनों में कोहराम मच गया. अस्पताल में मौजूद महिला की पुत्री चिंकी कुमारी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. मृतक के परिजनों की चीख- पुकार से अस्पताल में मौजूद लोगों की भी आंखें नम हो गयी. घटना के बाद मृतक महिला के मुहल्ले में मातमी सन्नाटा पसर गया है.
