Banka Woman Dead : धोरैया प्रखंड के ताहीरपुर और हसाय गांव के समीप स्थित गड़िया पोखर से गुरुवार देर रात एक महिला का शव बरामद किया गया. मृतका की पहचान हसाय गांव निवासी मोहम्मद आलमगीर की 35 वर्षीय पत्नी बीबी फातिमा के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर धोरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
सुबह चप्पल और ओढ़नी मिलने से फैली थी सनसनी
ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार सुबह पोखर किनारे एक महिला की चप्पल और ओढ़नी पड़ी मिली थी. इसके बाद गांव में किसी महिला के पोखर में डूबने की आशंका फैल गई. देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण पोखर के पास जुट गए और जाल की मदद से महिला की तलाश शुरू कर दी.
25 से 30 फीट गहरे पोखर में चलती रही तलाश
ग्रामीणों ने बताया कि गड़िया पोखर करीब 25 से 30 फीट गहरा है. इसी कारण कई घंटों तक जाल डालने के बावजूद महिला का कोई पता नहीं चल सका. इसी दौरान हसाय गांव निवासी मोहम्मद आलमगीर वहां पहुंचे और पोखर किनारे मिली चप्पल व ओढ़नी को अपनी पत्नी बीबी फातिमा की बताकर पहचान की.
देर रात मिला शव
देर रात ग्रामीणों की नजर पोखर में उपलाते शव पर पड़ी. इसके बाद ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला और तत्काल इसकी सूचना धोरैया थाना पुलिस को दी. घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, जांच जारी
शुक्रवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया. थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि परिजनों के आवेदन का इंतजार किया जा रहा है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.
ये भी पढ़ें : पति से विवाद के बाद 20 वर्षीय महिला ने खाई मिर्गी की 15 गोलियां, मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
