बांका जिले में सोमवार को मौसम सामान्य रहने की संभावना है, लेकिन मानसूनी गतिविधियों के कारण दिन में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. मौसम विभाग ने फिलहाल भारी बारिश का कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया है. सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहने और पुरवा हवा चलने की संभावना है. इस बीच 2 सितंबर तक जिले में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.
31 डिग्री रहेगा अधिकतम तापमान, उमस भी बढ़ाएगी परेशानी
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को बांका में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट होने की संभावना है. आर्द्रता 75 से 94 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान है.
सुबह के समय आर्द्रता 90 से 94 प्रतिशत, दोपहर में 73 से 79 प्रतिशत और रात में 88 से 92 प्रतिशत तक रह सकती है. ऐसे में बारिश के बावजूद उमस का असर बना रह सकता है.
पुरवा हवा के साथ गरज-चमक के भी आसार
जिले में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवा हवा चलने की संभावना है. हालांकि गरज-चमक या आंधी के दौरान हवा की रफ्तार अस्थायी रूप से 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे में मौसम खराब होने पर लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास नहीं रहने की सलाह दी है. आंधी-गरज के दौरान सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की अपील की गयी है.
2 सितंबर तक छाए रहेंगे घने बादल
बिहार कृषि विश्वविद्यालय ग्रामीण कृषि मौसम सेवा और भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 28 अगस्त से 2 सितंबर तक बांका समेत दक्षिण बिहार के जिलों में घने बादल छाए रह सकते हैं. इस दौरान जिले में एक-दो स्थानों पर गर्जन-चमक के साथ तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
इस अवधि में हवा की गति 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे, अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
किसानों को फसल प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की सलाह
मौसम को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को फसलों की नियमित निगरानी करने की सलाह दी है. धान की फसल में कम बारिश होने पर खरपतवार बढ़ने की संभावना रहती है. इसलिए समय पर निराई-गुड़ाई करने को कहा गया है.
खरीफ मक्का में तना बेधक कीट के प्रकोप पर नजर रखने तथा लक्षण दिखाई देने पर अनुशंसित दवा का प्रयोग करने की सलाह दी गयी है. अरहर की फसल में आवश्यकतानुसार गैप फिलिंग, छंटाई और निराई-गुड़ाई करते रहने के साथ सितंबर में बोयी जाने वाली अरहर के लिए खेत की तैयारी पूरी करने को कहा गया है.
