कटोरिया में बदला मौसम का मिजाज, काले बादलों और ठंडी हवा से गर्मी से मिली राहत
Banka News : कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के चेहरे पर आखिरकार राहत दिखी. कटोरिया में शुक्रवार सुबह आसमान में छाए काले बादलों और ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहाना बना दिया.
कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट
Banka News : बांका जिले के कटोरिया एवं आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार की सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया. सुबह करीब आठ बजे के बाद आसमान में काले बादल छा गए और ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे लोगों को प्रचंड गर्मी और उमस से राहत मिली. पिछले कई दिनों से हीटवेव जैसी स्थिति झेल रहे लोगों ने राहत की सांस ली.
कई दिनों से भीषण गर्मी से परेशान थे लोग
पिछले दो सप्ताह से कटोरिया क्षेत्र में तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी थी. दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही थीं और लोग घरों में रहने को मजबूर थे.गर्मी का असर स्वास्थ्य पर भी साफ दिखाई दे रहा था. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बने लू वार्ड में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही थी.
अस्पताल में बढ़ रहे थे हीटवेव के मरीज
डॉक्टरों के अनुसार, तेज गर्मी और उमस के कारण बड़ी संख्या में लोग हीटवेव की चपेट में आ रहे थे. अस्पताल पहुंचने वाले अधिकांश मरीज तेज बुखार, पेट दर्द, सिर दर्द, चक्कर और कमजोरी जैसी शिकायतों से पीड़ित थे.स्वास्थ्य विभाग लोगों को धूप से बचने, अधिक पानी पीने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दे रहा था.
स्कूलों के समय में भी किया गया बदलाव
भीषण गर्मी को देखते हुए बांका डीएम नवदीप शुक्ला द्वारा जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया गया है. प्रशासन ने सभी स्कूलों को सुबह साढ़े दस बजे तक छुट्टी देने का निर्देश दिया है.इस निर्णय का उद्देश्य बच्चों को हीटवेव और तेज धूप के दुष्प्रभाव से बचाना है.
मौसम सुहाना होने से लोगों ने ली राहत की सांस
शुक्रवार सुबह मौसम में आए बदलाव के बाद बाजारों और सड़कों पर भी लोगों की हलचल बढ़ गयी. ठंडी हवा और बादलों की वजह से तापमान में गिरावट महसूस की गयी.लोगों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में इसी तरह मौसम बना रहा तो भीषण गर्मी से काफी राहत मिलेगी.