पंजवारा (बांका )से गौरव कश्यप की रिपोर्ट :
लौढ़िया खुर्द पंचायत के लखपुरा गांव स्थित प्राचीन काली मंदिर परिसर में पेयजल व्यवस्था ठप होने से श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ गयी है. मंदिर में लगाया गया वॉटर कूलर लंबे समय से खराब पड़ा है, जिससे पूजा-अर्चना के लिए आने वाले लोगों को गर्मी के बीच काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत की मुखिया माधुरी कुमारी द्वारा षष्ठम वित्त आयोग की राशि से मंदिर परिसर में वॉटर कूलर लगाया गया था. इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को शुद्ध और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना था. शुरुआती दिनों में लोगों को इसका लाभ मिला, लेकिन अब मशीन खराब होने से व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गयी है.सुबह-शाम बढ़ जाती है भीड़
स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर में सुबह और शाम पूजा-अर्चना के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. गांव के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी लोग यहां दर्शन करने आते हैं. खासकर धार्मिक आयोजन और विशेष पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है.
बुजुर्ग और बच्चे सबसे ज्यादा परेशान
मंदिर परिसर में पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं रहने से सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को हो रही है. कई श्रद्धालु घर से पानी लेकर पहुंच रहे हैं, जबकि कुछ लोगों को आसपास की दुकानों और घरों से पानी लेना पड़ रहा है.भीषण गर्मी ने बढ़ायी समस्या
इन दिनों क्षेत्र में भीषण गर्मी और उमस से लोग पहले ही परेशान हैं. ऐसे में मंदिर परिसर में Water Facility ठप रहने से समस्या और गंभीर हो गयी है. श्रद्धालुओं का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ परेशानी और बढ़ सकती है.
