BANKA NEWS एमडीएम में अनियमितता पर वार्ड सदस्य ने उठाये सवाल, रसोईया ने भी खोली विद्यालय प्रधान की पोल
धोरैया प्रखंड अंतर्गत नवसृजित उर्दू प्राथमिक विद्यालय अनीसाबाद करंगा में मध्याह्न भोजन योजना में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है .
धोरैया (बांका) से प्रदीप कुमार की रिपोर्ट BANKA NEWS :
धोरैया प्रखंड अंतर्गत नवसृजित उर्दू प्राथमिक विद्यालय अनीसाबाद करंगा में मध्याह्न भोजन योजना में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है .स्थानीय वार्ड सदस्य इसराइल मंसूरी ने विद्यालय प्रबंधन पर बच्चों के निवाले में कटौती करने और भोजन की गुणवत्ता के साथ खिलवाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया है. वहीं विद्यालय की रसोइया ने भी प्रभारी प्रधानाध्यापक ब्रजेश कुमार झा पर कई आरोप लगाए हैं. रसोईया ने भी बताया कि मात्र एक किलो आलू और 2 किलो चावल में ही लगभग 40 बच्चों की हाजिरी दर्ज कर खाना बना दिया जाता है .बच्चों को सही तरीके से और पर्याप्त मात्रा में भोजन नहीं मिल पा रहा है. विद्यालय में उपस्थित और वितरण के आंकड़ों में भारी हेराफेरी की आशंका जताई गई है .वहीं विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ब्रजेश कुमार झा ने लगाए गए आरोप को बेबुनियाद बताया. इस संदर्भ में प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विभाष कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.