बौंसी. पौराणिक कथाओं में विशेष महत्व रखने वाले मंदराचल पर्वत की तराई में बसे बौंसी बाजार में आगामी 10 फरवरी को साहित्य प्रेमियों के लिए एक यादगार आयोजन होने जा रहा है. यहां विराट कवि सम्मेलन सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया जायेगा, जिसमें देश के विभिन्न प्रांतों से करीब चार दर्जन ख्यातिप्राप्त कवि शिरकत करेंगे. इस साहित्यिक महोत्सव में बिहार, झारखंड सहित अन्य राज्यों से आने वाले कवि अपनी ओजस्वी, हास्यपूर्ण और भावप्रवण रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे. जानकारी देते हुए कार्यक्रम के संयोजक युवा कवि लिटिल विश्वास ने बताया कि सम्मेलन में हास्य रस, भक्ति रस, वीर रस के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ी कविताओं की भी सशक्त प्रस्तुति होगी, जिससे श्रोताओं को काव्य रस की विविध अनुभूति प्राप्त होगी. आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम न केवल कवियों की सृजनात्मक प्रतिभा को सम्मानित करने का अवसर प्रदान करेगा, बल्कि क्षेत्र में साहित्यिक चेतना और सांस्कृतिक परंपरा को भी सुदृढ़ करेगा. कार्यक्रम को लेकर स्थानीय साहित्यकारों, शिक्षकों एवं युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. मंदराचल की ऐतिहासिक और पौराणिक पृष्ठभूमि में आयोजित होने वाला यह कवि सम्मेलन बौंसी को एक बार फिर साहित्यिक मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाने का कार्य करेगा. आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस साहित्यिक पर्व को सफल बनाने की अपील की है.
मंदराचल की धरती पर गूंजेगा काव्य का विराट स्वर, 10 को महाकवि सम्मेलन
पौराणिक कथाओं में विशेष महत्व रखने वाले मंदराचल पर्वत की तराई में बसे बौंसी बाजार में आगामी 10 फरवरी को साहित्य प्रेमियों के लिए एक यादगार आयोजन होने जा रहा है.
