पंजवारा बांका से गौरव कश्यप की रिपोर्ट
Panjwara Kali Puja : बांका जिले के पंजवारा स्थित मां सती काली मंदिर परिसर में मंगलवार को वार्षिक गांववंदी पूजा श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुई. पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और मां काली की आराधना कर गांव की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की. पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा.
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ हवन
पूजा-अर्चना की शुरुआत मां काली के विधिवत पूजन से हुई. इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर विश्व कल्याण और परिवार की मंगलकामना की. मंदिर परिसर में पारंपरिक मांगलिक गीतों की गूंज से माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा.
महाप्रसाद का हुआ वितरण
पूजा-अनुष्ठान के बाद मां काली को विशेष भोग अर्पित किया गया. इसके उपरांत श्रद्धालुओं के बीच खीर-पूरी का महाप्रसाद वितरित किया गया. महाप्रसाद ग्रहण करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में मौजूद रहे.
शाम को होगी भजन संध्या
आयोजकों ने बताया कि शाम में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकार मां काली की महिमा का गुणगान करते हुए भजनों की प्रस्तुति देंगे. इस कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है.
ग्रामीणों के सहयोग से सफल हुआ आयोजन
पूजा-अनुष्ठान को पंडित मंजन ठाकुर और पुरोहित अभय कुमार मिश्रा ने वैदिक विधि-विधान से संपन्न कराया. आयोजन को सफल बनाने में मनीष कश्यप, आनंद मिश्रा, सोनू मिश्रा, राहुल मिश्रा, मोनू मिश्रा सहित गांव के सभी ग्रामीणों ने सक्रिय सहयोग किया.
ये भी पढ़ें : श्रावणी मेला 2026 : कांवरियों के सफर को आरामदायक बनाने में जुटा प्रशासन, 55 किमी पथ पर तैयारियां तेज
