धोरैया (बांका). नवादा धोरैया मुख्य मार्ग पर हरेरामपुर चौक के समीप ग्रामीणों ने बुधवार को विद्युत विभाग के खिलाफ गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सड़क जाम कर दिया. हरेरामपुर, बजारडीह तथा सिज्झत गांव के ग्रामीणों ने एकजुट होकर बुधवार की सुबह करीब 7 बजे से सड़क पर उतरकर विरोध जताया .ग्रामीण नकुल गोस्वामी, राधा चरण पासवान, पूर्व सरपंच राजेंद्र यादव, टुनटुन साह, वासुदेव यादव, रमेश सिंह, सुभाष पंडित आदि ने बताया कि तीनों गांव के लोग पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं.
भीषण गर्मी के से लोग हैं परेशान, पानी की भी समस्या
करीब तीन दिनों से गांव में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप है .भीषण गर्मी के इस मौसम में एक ओर लोग जहां परेशान हैं, वहीं पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं.गांव में एक भी चापाकल सही स्थिति में नहीं है, पूरी तरह से खराब है. बताया गया कि इस संदर्भ में सकहारा जेई को कई बार दूरभाष पर फोन किया गया लेकिन वह कॉल नहीं रिसीव करते. इसको लेकर नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया.
धनकुंड पुलिस मौके पर पहुंचकर समाप्त कराया जाम
सूचना पर धनकुंड थानाध्यक्ष सूरज कुमार सिंह दलबल के संग पहुंचे तथा आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बूझकर जाम हटवाया. बताया गया कि जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल किए जाने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने करीब 2 घंटे बाद जाम हटा दिया.
