भोज खाकर लौट रहे दो युवकों को दूध टैंकर ने रौंदा, एक की मौके पर मौत, दूसरे ने मायागंज में तोड़ा दम

Banka Road Accident News : एक शादी-भोज में शामिल होने गए दो युवकों के घर लौटने का इंतजार उनके परिजन कर रहे थे, लेकिन देर रात आई एक दर्दनाक खबर ने पूरे परिवार को गम में डुबो दिया. तेज रफ्तार दूध टैंकर की चपेट में आने से दोनों युवकों की मौत हो गई, जिसके बाद गांव में मातम पसरा हुआ है.

धोरैया ( बांका) से प्रदीप कुमार की रिपोर्ट

Banka News : बांका जिले के धोरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत पंजवारा-धोरैया मुख्य मार्ग पर शनिवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई. चलना मोड़ के समीप चतुर्भुज मोड़ के पास एक दूध टैंकर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में एक युवक की मौत अस्पताल पहुंचते ही हो गई, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

भोज में शामिल होने गये थे दोनों युवक

जानकारी के अनुसार मृतक सुमृत दास (24), पिता भदो हरिजन एवं पप्पू दास, पिता गोवर्धन दास, दोनों पंजवारा थाना क्षेत्र के सबलपुर गांव के निवासी थे. परिजनों ने बताया कि दोनों युवक बाइक से दूधसीमर गांव में आयोजित एक भोज कार्यक्रम में शामिल होने गए थे.

चतुर्भुज मोड़ के पास हुआ दर्दनाक हादसा

भोज से लौटने के दौरान चलना मोड़ के चतुर्भुज मोड़ के पास एक दूध टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

डायल 112 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल धोरैया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने सुमृत दास को मृत घोषित कर दिया.

भागलपुर रेफर किए गए घायल की भी मौत

दूसरे घायल पप्पू दास की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर किया गया. लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई.

गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

एक ही गांव के दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही सबलपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं.

पुलिस ने जब्त किया दुर्घटनाग्रस्त वाहन

प्रभारी थानाध्यक्ष सूरज वैभव ने बताया कि दुर्घटना में शामिल दूध टैंकर और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.

मृतक परिवारों को मुआवजा देने की मांग

घटना के बाद कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष गिरीश पासवान ने मृतकों के परिजनों को सरकारी मुआवजा देने की मांग की है. उन्होंने कहा कि दोनों परिवारों को इस कठिन समय में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए ताकि उन्हें कुछ राहत मिल सके.

एक पल में उजड़ गई दो परिवारों की खुशियां

जो युवक कुछ घंटे पहले खुशी के माहौल में भोज कार्यक्रम में शामिल होने गए थे, उनकी मौत की खबर ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >