रजौन में अवैध रूप से बालू ढो रहे दो ट्रैक्टर जब्त, 4.96 लाख का लगा जुर्माना
Banka News : बांका में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. रजौन थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए खनन विभाग ने अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं. दोनों वाहनों पर लाखों रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है.
बांका से निरंजन कुमार की रिपोर्ट
Banka News : बांका जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है. डीएम और एसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रजौन थाना क्षेत्र में खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बालू परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया है. दोनों वाहनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और कुल 4.96 लाख रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है.
खैरा गांव के समीप हुई कार्रवाई
खनन विभाग की टीम ने रजौन थाना क्षेत्र के खैरा गांव के समीप छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान दो ट्रैक्टरों को अवैध रूप से बालू परिवहन करते हुए पकड़ा गया. पुलिस टीम को देखते ही दोनों ट्रैक्टरों के चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए. इसके बाद दोनों वाहनों को जब्त कर रजौन थाना लाया गया.
130-130 घनफीट बालू मिला लदा
जांच के दौरान जब्त किए गए दोनों ट्रैक्टरों पर करीब 130-130 घनफीट बालू लदा हुआ पाया गया. खनन विभाग ने इसे अवैध परिवहन मानते हुए तत्काल कार्रवाई की. अधिकारियों के अनुसार बालू परिवहन के लिए आवश्यक वैध कागजात उपलब्ध नहीं कराए जा सके, जिसके बाद जब्ती की कार्रवाई की गई.
दोनों वाहनों पर लगा 4.96 लाख का जुर्माना
खनन विभाग द्वारा जब्त दोनों ट्रैक्टरों पर कुल 4.96 लाख रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है. साथ ही वाहन मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. विभाग का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
रात में भी चल रही छापेमारी
खनन विकास पदाधिकारी कुमार बलवंत ने बताया कि जिले में अवैध खनन की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है. इसके लिए दिन के साथ-साथ रात में भी विशेष छापेमारी दल गठित किए गए हैं. टीम लगातार संवेदनशील इलाकों में निगरानी और जांच अभियान चला रही है.
”किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे अवैध खनन”
खनन विकास पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. प्रशासन की प्राथमिकता प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और कानून का सख्ती से पालन कराना है. उन्होंने लोगों से भी अवैध खनन की सूचना प्रशासन को देने की अपील की.