बांका शहर के बंगाली टोला के समीप मंगलवार की अहले सुबह स्कूटी और बाइक की टक्कर में घायल दो युवकों में से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान शहर के वार्ड नंबर पांच निवासी ब्रह्मदेव उर्फ पप्पू मंडल (40) के रूप में हुई है. हादसे में घायल दूसरे युवक अमित कुमार का इलाज सिल्लीगुड़ी के अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है. पप्पू की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
फूल तोड़ने जा रहा था पप्पू, तभी हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार पप्पू मंडल मंगलवार की अहले सुबह अपने घर से स्कूटी लेकर प्रखंड मुख्यालय की ओर फूल तोड़ने जा रहा था. इसी दौरान बंगाली टोला के समीप सामने से आ रहा बाइक सवार अचानक अनियंत्रित हो गया और उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
रेफरल अस्पताल से भागलपुर और फिर कलकत्ता रेफर
घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 पुलिस की मदद से घायल पप्पू मंडल को उपचार के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉ. ज्योति भारती ने प्राथमिक उपचार किया. गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया.
मायागंज अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए कलकत्ता रेफर किया गया. परिजन उन्हें लेकर कलकत्ता जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही पप्पू मंडल ने दम तोड़ दिया.
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
सोमवार देर रात शव अमरपुर स्थित आवास पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. पत्नी प्रियंका देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था. पप्पू मंडल अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गए हैं. इनमें कृष्णा मंडल (16), रूही कुमारी (14), अक्षिता कुमारी (8) और अर्णव कुमार उर्फ ओम (6) शामिल हैं.
समाजसेवी राजेश साह ने बताया कि पप्पू मंडल बेहद मृदुल स्वभाव और मिलनसार व्यक्ति थे. बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए वे दिन-रात मेहनत करते थे. सड़क हादसे में उनकी मौत से चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया.
जनप्रतिनिधियों ने घर पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
घटना की जानकारी मिलने पर नगर पंचायत की मुख्य पार्षद रीता साह, पार्षद प्रदीप कुमार पप्पू, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि एवं समाजसेवी राजेश साह, अशोक साह, व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवाकर साह, राजीव भगत समेत कई गणमान्य लोग मृतक के घर पहुंचे. लोगों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए पप्पू मंडल को श्रद्धांजलि दी.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना के एसआई संजय गुप्ता पुलिस बल के साथ मृतक के आवास पहुंचे. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया. हादसे के बाद मृतक के घर और मोहल्ले में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. वहीं, घायल अमित कुमार के इलाज को लेकर भी परिजन चिंतित हैं.
