धोरैया. धोरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत सन्हौला-धोरैया मुख्य मार्ग पर धोरैया तथा कुरमा के बीच बगुलिया के समीप दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों में से दो की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मायागंज भागलपुर रेफर कर दिया गया है. जानकारी के अनुसार, राजबांध गांव निवासी अशोक गुप्ता का 18 वर्षीय पुत्र आदित्य आनंद और जनार्दन यादव का 20 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार कुर्मा हाट से किराना सामान खरीदकर बाइक से धोरैया की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान बगुलिया के पास विपरीत दिशा से आ रहे जियाउल 25 वर्ष, पिता फारूक डीलर, निवासी कोयला, हनवरा, गोड्डा की बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गयी. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. ड्यूटी पर तैनात डॉ दीपक ने बताया कि जियाउल और आदित्य आनंद की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है. तीसरे घायल रोहित कुमार का उपचार स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है. घटना के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. पुलिस को मामले की सूचना दे दी गयी है.
बगुलिया के समीप दो बाइकों की टक्कर में तीन घायल, दो रेफर
धोरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत सन्हौला-धोरैया मुख्य मार्ग पर धोरैया तथा कुरमा के बीच बगुलिया के समीप दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गये.
