शादी का झांसा देकर यौन शोषण के बाद इनकार, धमकी देने वाला आरोपित गिरफ्तार, भेजा गया जेल
Banka News : शादी का वादा कर वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने का मामला सामने आया है. शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
बेलहर (बांका) से अभय कुमार सोनू की रिपोर्ट
Banka News : जिलेबिया मोड़ थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी का झांसा देकर यौन संबंध बनाने, बाद में शादी से इनकार करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपी मोहम्मद मुस्ताक को पुलिस ने भागलपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया.
शादी का झांसा देकर लंबे समय तक संबंध का आरोप
पीड़िता ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि उसके गांव के ही मोहम्मद मुस्ताक के साथ प्रेम संबंध था. आरोपी ने शादी का वादा कर लगभग तीन वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाये. इसी दौरान वह कई बार आरोपी पर भरोसा करती रही, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया गया.
गर्भवती होने पर भी नहीं निभाया वादा
पीड़िता के अनुसार जब वह गर्भवती हुई और शादी के लिए दबाव बनाने लगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा. उसने कहा कि अभी घर नहीं बना है और बाद में शादी करेगा, लेकिन बाद में पूरी तरह शादी से इनकार कर दिया.
धमकी देने का भी आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि शादी की बात करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई. इस दौरान आरोपी के एक अन्य परिजन मो तज्जामुल पर भी धमकी देने का आरोप लगाया गया है.
पुलिस ने रेलवे स्टेशन से की गिरफ्तारी
थानाध्यक्ष राजू कुमार ठाकुर ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. इसी क्रम में मोहम्मद मुस्ताक को भागलपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया.
आरोपी भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है.