ध्रुव-प्रह्लाद के आदर्श चरित्र से भाव-विभोर हुए श्रद्धालु
बौंसी. फागा पंचायत अंतर्गत चौधरी टोला में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का पावन आयोजन पूरे क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण का संचार कर रहा है. यह सात दिवसीय कथा 13 मार्च से प्रारंभ होकर 19 मार्च तक चलेगी, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर कथा श्रवण कर रहे हैं. कथा का वाचन बनारस से पधारे प्रसिद्ध कथावाचक, अध्यात्मवादी संदेशवाहक भोले श्री उर्फ अनिलेश तिवारी द्वारा किया जा रहा है. उनके ओजस्वी और भावपूर्ण प्रवचनों से श्रोतागण भक्ति रस में डूब जाते हैं और धर्म, भक्ति तथा सदाचार के संदेश को आत्मसात कर रहे हैं.जानकारी देते हुए आयोजन समिति के मुकेश चौधरी ने बताया की सोमवार को कथा के चौथे दिन कथावाचक ने भगवान के परम भक्त ध्रुव के अद्भुत चरित्र का विस्तार से वर्णन किया. उन्होंने बताया कि दृढ़ संकल्प, भक्ति और तपस्या के बल पर बालक ध्रुव ने भगवान की कृपा प्राप्त कर संसार में अद्वितीय स्थान प्राप्त किया. ध्रुव की कथा से प्रेरणा लेते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं को जीवन में धैर्य, समर्पण और ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास बनाए रखने का संदेश दिया. इसके बाद उन्होंने भगवान विष्णु के परम भक्त प्रह्लाद के प्रसंग का वर्णन किया. प्रह्लाद की अटूट भक्ति, विपरीत परिस्थितियों में भी भगवान के प्रति उनकी निष्ठा तथा भगवान नरसिंह के अवतार की कथा सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे. कथा के दौरान सभी देवताओं के प्राकट्य, उनके अवतरण तथा दिव्य स्वरूप का भी अत्यंत भावपूर्ण और रोचक चित्रण किया गया. कथावाचक ने बताया कि भगवान समय-समय पर अपने भक्तों की रक्षा और धर्म की स्थापना के लिए अवतार लेते हैं. कथा स्थल पर भक्ति गीत, भजन और जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है. स्थानीय श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ कथा में भाग ले रहे हैं तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग कर रहे हैं. आयोजकों ने बताया कि 19 मार्च तक चलने वाली इस भागवत कथा में प्रतिदिन अलग-अलग प्रसंगों का वर्णन किया जायेगा और अधिक से अधिक लोगों से कथा श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने की अपील की गयी है.
