Banka News : जिंदा लौट आया ”मृत” अब्बा, कब्र में दफन शव निकला किसी और का पिता

धोरैया में एक हैरान कर देने वाली घटना में शव की पहचान में हुई बड़ी चूक ने प्रशासन और परिजनों को सकते में डाल दिया.

बांका के धोरैया से प्रदीप कुमार की रिपोर्ट Banka News : धोरैया में एक हैरान कर देने वाली घटना में शव की पहचान में हुई बड़ी चूक ने प्रशासन और परिजनों को सकते में डाल दिया. हुआ यह कि गत सोमवार को अपने बहन के मकदुम्मा बांका स्थित आवास से सन्हौला थाना क्षेत्र के गोविंदपुर अपने गांव लौट रहे करीब 60 वर्षीय रामकिशन मोहली की पुनसिया में एक दुकान के पास अचानक गिरकर मौत हो गयी. पहचान नहीं होने पर रजौन पुलिस ने पोस्टमार्टम में बांका भेज शव की तस्वीर खींचकर विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल कर दी ताकि मृतक की पहचान हो सके.

युवक का कथित मृत पिता बुधवार की सुबह सकुशल लौट आया घर

अगले दिन मंगलवार को धोरैया थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव का एक युवक मुजाहिद अंसारी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा और शव को अपने पिता सगीर अंसारी का बताते हुए पहचान की. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव उसे सौंप दिया. युवक शव को अपने गांव ले गया और धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार मंगलवार को कुरमा कब्रिस्तान में दफना दिया. लेकिन कहानी में बड़ा मोड़ तब आया जब दफनाया गया कथित मृत पिता सगीर बुधवार की सुबह सकुशल घर लौट आया. यह देखकर परिवार और गांव के लोग हैरान रह गए. सगीर के पुत्र मुजाहिद अंसारी ने बताया कि उसका पिता थोड़ा मंदबुद्धि के हैं, बार बार घर से बाहर निकल जाते थे. उधर, व्हाट्सएप पर वायरल तस्वीर देखने के बाद सन्हौला थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव निवासी एक हिंदू युवक ने धोरैया पुलिस से संपर्क कर दावा किया कि तस्वीर में दिख रहा शव उसके पिता का है. शिकायत मिलने पर धोरैया व रजौन पुलिस कब्रिस्तान पहुंची. बुधवार की दोपहर प्रशासनिक निगरानी में कब्र से शव निकाला गया और पहचान करायी गयी. जांच में पुष्टि हुई कि शव वास्तव में हिंदू युवक के पिता का ही था.

हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार शव का किया जाएगा दाह संस्कार

इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. हिंदू परिवार शव को अपने गांव ले गया. गोविंदपुर गांव निवासी उत्तम कुमार ने बताया कि अब विधि-विधान के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार शव का दाह संस्कार किया जाएगा. शव की पहचान में हुई इस चूक की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है. वहीं लोग सवाल उठा रहे हैं कि केवल दावे के आधार पर शव सौंपने से पहले रजौन पुलिस द्वारा पहचान की प्रक्रिया और अधिक सख्ती से क्यों नहीं अपनायी गयी. धोरैया थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष सूरज कुमार वैभव ने बताया कि पहचान होने पर शव को कब्र से निकलवा कर वास्तविक परिजनों को सौंप दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Md. tazim

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से स्नातक कर 2018 से अलग-अलग हिंदी न्यूज चैनलों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं. न्यूज नेशन में बतौर एसोसिएट प्रोड्यूसर दो साल का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर, बिहार में समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. आसपास घटने वाली चीजों पर बारीकी से नजर बनाए रखना और उसका विश्लेषण कर सरल और समझने योग्य तरीके से खबरों को पेश करने में विशेषज्ञता.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >