मां सरस्वती की आराधना में डूबा क्षेत्र, शिक्षण संस्थानों से लेकर घर-घर तक दिखा उत्सव का उल्लास

सरस्वती पूजा को लेकर पूरे प्रखंड क्षेत्र में भक्तिमय और उल्लासपूर्ण वातावरण देखने को मिल रहा है

बौंसी. सरस्वती पूजा को लेकर पूरे प्रखंड क्षेत्र में भक्तिमय और उल्लासपूर्ण वातावरण देखने को मिल रहा है. आज पूरे विधि-विधान के साथ विद्यार्थी, कलाकार, शिक्षक सहित अन्य मां सरस्वती की पूजा-अर्चना करेंगे. विद्या, बुद्धि और ज्ञान की देवी मां सरस्वती की आराधना पूरे श्रद्धा भाव के साथ की जायेगी. सरकारी व गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों के अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों, प्रतिष्ठानों और घरों में भी पूजा का आयोजन किया गया है. पूजा पंडालों और घरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. रंग-बिरंगे फूलों, लाइटों और कलात्मक सजावट से पूरा क्षेत्र मनमोहक नजर आ रहा है. सुबह से ही श्रद्धालु पूजा स्थलों पर पहुंचकर मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष माथा टेकते नजर आयेंगे. गुरुवार को मूर्तिकारों के पास से प्रतिमा को विभिन्न वाहनों से ले गये, इसको लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा गया, जो विद्या प्राप्ति की कामना के साथ मां सरस्वती की पूजा के लिए सबसे ज्यादा उत्साहित हैं. कई शिक्षण संस्थानों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है. जहां विद्यार्थी और बच्चे गीत, संगीत और नृत्य के माध्यम से मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत करेंगे. मुख्य रूप से अद्वैत मिशन ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन, मॉडर्न ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन, एसबीपी विद्या विहार, परमेश्वर लाल खेमका सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, एमके पब्लिक स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में युवाओं द्वारा भी पूजा अर्चना की जा रही है. ब्रह्मपुर गांव में राजीव पाठक व उनके परिजनों द्वारा पूजा की विशेष तैयारी की गयी है. जहां पूजा अर्चना के बाद खिचड़ी का महाभोग भी लगाया जायेगा. सरस्वती पूजा के इस पावन अवसर पर पूरा क्षेत्र भक्ति, आस्था और उल्लास के रंग में रंगा नजर आ रहा है, जिससे सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिल रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SHUBHASH BAIDYA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >